श्री काशी विश्वनाथ धाम में शक्ति का सम्मान! 8 मार्च को महिलाओं को मिलेगा निःशुल्क VIP दर्शन

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च 2026) पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में मातृशक्ति को निःशुल्क VIP दर्शन का अवसर मिलेगा. यह लगातार तीसरा साल है जब महिलाओं को 300 रुपये का टिकट चुकाए बिना विशेष प्रवेश मिलेगा. महिलाओं के साथ आने वाले सभी छोटे-छोटे बच्चे को भी यह लाभ मिलेगा.

काशी विश्वनाथ मंदिर

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन ने इस साल भी अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च) पर महिलाओं के सम्मान में निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था की है. ये तीसरा साल है जब अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं को निःशुल्क प्रवेश मिलेगा. जिस वीआईपी दर्शन के लिए 300/- रूपये का टिकट लगता है. महिलाओं को उस वीआईपी दर्शन के लिए निःशुल्क प्रवेश मिलेगा.

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन की तरफ से सीईओ विश्व भूषण मिश्रा ने जानकारी दी है कि “अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दिनांक 8 मार्च 2026 को श्री काशी विश्वनाथ धाम में समस्त मातृशक्ति एवं महिलाओं के लिए विशेष दर्शन व्यवस्था की गई है. इस विशेष व्यवस्था के अंतर्गत द्वार ‘संख्या 4-बी’ से सभी महिलाओं को निःशुल्क प्रवेश प्रदान किया जाएगा.

गोद में बच्चों को लिए महिलाओं को विशेष सुविधा

मंदिर प्रशासन की तरफ से बताया गया कि सभी महिलाओं को, चाहे वे काशी की निवासी हों अथवा बाहर से आई हों, निःशुल्क प्रवेश प्रदान करते हुए भगवान श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन कराए जाएंगे. इस व्यवस्था के अंतर्गत गोद में बच्चों को लिए हुए सभी महिलाओं (चाहे बालक हो या बालिका) को प्राथमिकता के साथ प्रवेश देकर दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी.

सुबह-शाम काशीवासियों के लिए दर्शन व्यवस्था यथावत

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं से किसी प्रकार का टिकट अथवा शुल्क नहीं लिया जाएगा. साथ ही बताया गया है कि प्रातःकाल 4:00 से 5:00 बजे और सायंकाल 4:00 से 5:00 बजे तक का समय काशीवासियों के दर्शन के लिए पहले जैसी ही चलती रहेगी. इस दौरान मंदिर में पूर्ववत विशेष दर्शन व्यवस्था यथावत जारी रहेगी.