बेहतर समय की उम्मीद लेकर महाराष्ट्र से काशी आया परिवार, चंद दिनों में सब खत्म!
महाराष्ट्र के रायगढ़ से वाराणसी आया एक परिवार दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया. लक्सा थाना क्षेत्र में गंभीर बीमारी से जूझ रहे 52 वर्षीय विशाल मुखर्जी की बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई. इसके बाद उनकी पत्नी जया मुखर्जी और 27 वर्षीय बेटे ईशान मुखर्जी की भी होम स्टे के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, कमरे से सल्फास का खाली पैकेट मिला है और प्रथम दृष्टया जहरीला पदार्थ खाने की आशंका है.
महाराष्ट्र के रायगढ़ से वाराणसी आया एक परिवार यहां अपने बेहतर समय की उम्मीद लेकर पहुंचा था, लेकिन काशी में ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई. वाराणसी के लक्सा थाना क्षेत्र में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां गंभीर बीमारी से जूझ रहे एक व्यक्ति की अस्पताल में मौत के बाद उसकी पत्नी और बेटे ने भी कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र के रायगढ़ निवासी मुखर्जी परिवार 11 जुलाई को वाराणसी पहुंचा था. परिवार में 52 वर्षीय विशाल मुखर्जी, उनकी 50 वर्षीय पत्नी जया मुखर्जी और 27 वर्षीय बेटा ईशान मुखर्जी शामिल थे. परिवार वाराणसी में लक्सा थाना क्षेत्र स्थित वाची होम स्टे में ठहरा हुआ था. बताया जा रहा है कि विशाल मुखर्जी लंबे समय से गंभीर बीमारी से परेशान थे और उनके इलाज में परिवार का काफी पैसा खर्च हो चुका था.
काशी आया था परिवार, लेकिन यहीं बदल गई पूरी कहानी
परिवार के वाराणसी आने के पीछे धार्मिक यात्रा और दर्शन-पूजन की बात सामने आई है. बताया जा रहा है कि परिवार काशी में कुछ समय बिताने के लिए आया था. इसी दौरान विशाल मुखर्जी की तबीयत लगातार खराब रहने लगी. 9 अगस्त को उनकी तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ गई. इसके बाद परिजनों ने उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया. डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका.
अस्पताल में ही विशाल मुखर्जी की मौत हो गई. पति और पिता की मौत से जया और ईशान पर गहरा सदमा पड़ा. दोनों ने किसी तरह विशाल के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद दोनों वापस उसी होम स्टे में लौट आए, जहां परिवार ठहरा हुआ था. विशाल मुखर्जी के अंतिम संस्कार के बाद जया और ईशान होम स्टे पहुंचे. इसके बाद दोनों अपने कमरे में चले गए और दरवाजा बंद कर लिया.
अंतिम संस्कार के बाद कमरे में लौटे मां-बेटा
काफी समय तक कमरे से किसी तरह की गतिविधि नहीं होने पर होम स्टे के कर्मचारियों को संदेह हुआ. कर्मचारियों ने अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने के बाद लक्सा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन जब दरवाजा नहीं खुला तो उसे तोड़ा गया. कमरे के अंदर जया और ईशान अचेत अवस्था में मिले. पुलिस के मुताबिक दोनों के मुंह से झाग निकल रहा था.
मौके की जांच के दौरान पुलिस को सल्फास की खाली पैकेट भी मिली. प्रथम दृष्टया आशंका जताई गई कि दोनों ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की है. हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. एडीसीपी और एसीपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस टीम से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. पुलिस ने कमरे से मिले सामान और अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लिया है. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मां और बेटे ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया.
