दो अमृत भारत ट्रेन, BHU में हॉस्टल और सुपर स्पेशलिटी अस्पताल… बनारस दौरे में PM मोदी देंगे ये तोहफा
प्रधानमंत्री मोदी अपने वाराणसी दौरे पर ₹6322 करोड़ की 163 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे. इनमें दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें (बनारस-पुणे, अयोध्या-मुंबई), बीएचयू में हॉस्टल व सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की नींव प्रमुख हैं. यह दौरा नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम सहित सड़क, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सौगातें लाएगा, जिससे बनारस के समग्र विकास को गति मिलेगी.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र बनारस में आयोजित नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में आ रहे हैं. यहां वह ‘जन-आक्रोश महिला सम्मेलन’ को संबोधित करेंगे. इस सम्मेलन में महिला सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और समान अवसर जैसे मुद्दों पर संवाद होगा. इस दौरान प्रधानमंत्री बनारस को 6,322 करोड़ की 163 योजनाओं का तोहफा देने वाले हैं. इस मौके पर प्रधानमंत्री जहां दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों जिसमें बनारस-पुणे (हडपसर) और अयोध्या-मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) को हरी झंडी दिखाएंगे.
वहीं बीएचयू में एक हॉस्टल और एक सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की नींव भी रखेंगे. पीएम मोदी 28 अप्रैल की दोपहर वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंड करेंगे और यहां से हेलीकॉप्टर से बरेका में आयोजित जनसभा पहुंचेंगे. प्रधानमंत्री की अगवानी के लिए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ , डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व बृजेश पाठक मौजूद रहेंगे.
इसके बाद वह बनारस में रात्रि विश्राम करेंगे. फिर अगले दिन 29 अप्रैल को पीएम मोदी सुबह 8:30 बीएलडब्ल्यू से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करने जाएंगे. इस दो दिवसीय दौरे में प्रधानमंत्री 6332.08 करोड़ की 163 विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे. इनमें 1054.69 करोड़ की 50 योजनाओं का लोकार्पण होना है. वहीं 5277.39 करोड़ की 113 योजनाओं का शिलान्यास होगा.
इन योजनाओं का होगा लोकार्पण
बनारस दौरे में प्रधानमंत्री खासतौर पर काली माता मंदिर से रिंग रोड तक वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग के 4 लेन चौड़ीकरण का उद्घाटन करेंगे. इसके अलावा 19 संपर्क ग्राम मार्गों का लोकार्पण करेंगे. सारनाथ रेल मार्ग पर कज्जाकपुरा के पास रेलवे लिंक संख्या 23-ए पर और कादीपुर रेलवे स्टेशन के पास बाबतपुर-चौबेपुर मार्ग पर आरओबी का लोकर्पण होगा. कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, आराजीलाइन में शैक्षिक भवन एवं बालिका छात्रावास का पीएम उद्घाटन करेंगे.
इसी प्रकार 36वीं बटालियन पीएसी में 100 व्यक्तियों की क्षमता वाले बैरकों का उद्घाटन होगा. इसी के साथ वह जल जीवन मिशन के अंतर्गत 30 ग्रामीण पेयजल योजनाओं का भी शुभारंभ करेंगे. इसके अलावा ट्रॉमा सेंटर, आईएमएस, बीएचयू में रोबोटिक असिस्टेड नी सर्जिकल सिस्टम एवं माइक्रोबायोलॉजी लैब का भी शुभारंभ होगा.
इन योजनाओं की रखेंगे नींव
प्रधानमंत्री इस दौरे में 71 संपर्क ग्राम मार्गों के निर्माण कार्य का शिलान्यास करेंगे. इसके अलावा एसएसपीजी में 500 बेड वाले मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, 198 बेड के अस्पताल का पुनर्विकास एवं रीमॉडलिंग, अस्सी घाट पर मैकेनाइज़्ड पार्किंग, नगर निगम के भवन, 100 बेडेड क्रिटिकल केयर ब्लॉक, गोला घाट से नमो घाट तक घाटों पर पर्यटन सुविधाओं का नवीनीकरण एवं विकास, राज्य हिंदी संस्थान के मुख्य भवन एवं छात्रावास का मरम्मत एवं निर्माण, वाराणसी बाईपास फोरलेन के दोनों ओर सर्विस रोड, बीएचयू में अय्यर बॉयज हॉस्टल आदि का भी शिलान्यास करेंगे.