छोला फेंककर झोला उड़ाने वाला गैंग… बिहार से आकर UP में करते थे लूट, पुलिस ने भेजा जेल

वाराणसी पुलिस ने 'छोला फेंककर झोला उड़ाने वाले' एक अंतर्राज्यीय गैंग का खुलासा किया है. बिहार से आए ये बदमाश राहगीरों पर खाने की चीजें फेंककर उन्हें गंदा करते, फिर मदद के बहाने उनका सामान लूट लेते थे. पुलिस ने XUV700 से चलकर वारदातों को अंजाम देने वाले 10 सदस्यों को गिरफ्तार किया है. जिन पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी.

वाराणसी में पकड़ा गया लुटेरों का पूरा गिरोह Image Credit:

उत्तर प्रदेश में वाराणसी पुलिस ने एक अजीब गैंग का खुलासा किया है. इस गैंग के बदमाश राह चलते आदमी पर खाने की चीजें फेंकते थे और फिर मौका देखकर उस व्यक्ति का झोला या बैग उड़ा लेते थे. इस हाईप्रोफाइल गैंग के बदमाश XUV700 गाड़ी से अलग अलग शहरों में घूमते थे और विधिवत रेकी कर वारदातों को अंजाम देते थे. पुलिस ने इस गिरोह के 10 बदमाशों को अरेस्ट कर लिया है. जबकि सरगना समेत आधा दर्जन बदमाश अभी फरार हैं. पुलिस ने उनकी भी पहचान कर ली है.

सुनने में ये अजीब लग सकता है, लेकिन ये हकीकत है. ये बदमाश लोगों को पहले खुद ही गंदा करते थे और फिर मदद के बहाने आकर वारदात करते थे. पुलिस के मुताबिक ये कोई मामूली अपराधी नहीं है, बल्कि डेढ़ दर्जन बदमाशों का एक इंटर स्टेट गैंग है. बिहार में बेगूसराय के रहने वाले इन बदमाशों का गैंग घूम-घूमकर वारदातों को अंजाम देते थे. इनके खिलाफ दो मुकदमे पहले से ही बनारस में दर्ज हैं. जबकि दो दर्जन से अधिक मामले बिहार में ही अलग अलग थानों में दर्ज हैं.

ऐसे करते थे वारदात

पुलिस की पूछताछ में इन बदमाशों ने बताया कि ये हरेक वारदात विधिवत रैकी कर अंजाम देते थे. ये पहले मालदार लोगों की पहचान करते थे. फिर उनके ऊपर धोखे से खाने पीने की चीजें फेंक देते थे. इसके बाद गैंग के दूसरे सदस्य मदद के बहाने उनके पास आते और मौका देखकर उस व्यक्ति का माल असबाब पार कर देते थे. वारदात के बाद आरोपी कुछ समय के लए गायब हो जाते थे.

बेगूसराय के हैं सभी आरोपी

डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार के मुताबिक आरोपियों की पहचान बेगूसराय के रहने वाले जितेन्द्र मिश्रा, मृत्युंजय कुमार सिंह, कुनाल कुमार तिवारी, राजू पांडेय, राजेश्वर तिवारी, राहुल तिवारी, सूरज तिवारी, संजय तिवारी, रिक्की तिवारी उर्फ अनिकेत और मुकुल तिवारी के रूप में हुई है. ये सभी बदमाश 22 से 45 वर्ष आयु वर्ग के हैं. पुलिस के मुताबिक गैंग का सरगना जितेंद्र मिश्रा. उन्होंने बताया कि इस गैंग के कई सदस्य अभी फरार हैं. उनकी तलाश कराई जा रही है.

गैंगस्टर एक्ट में होगी कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक इन बदमाशों के खिलाफ वाराणसी में दो और बिहार में दस से अधिक जिलों में दर्जनों मुकदमों की जानकारी मिली है. पुलिस सभी मामलों को कनेक्ट करने की कोशिश कर रही है. इस पूरे गैंग की जानकारी जुटाने के बाद इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी. बनारस में इस गैंग की शिकार चंदा देवी ने बताया कि वह सरकारी कर्मचारी हैं और बीते फरवरी महीने में रिटायर हुई हैं. उन्हें रिटायरमेंट का पैसा मिला था. आरोपियों ने छोला फेंक कर उनका सारा रुपया लूट लिया.

Follow Us