नोएडा में ‘मौत के गड्ढे’ ने ली एक और की जान, दोस्तों संग पिकनिक मना रहा छात्र पानी में डूबा
नोएडा में एमिटी यूनिवर्सिटी के BPEd छात्र हर्षित भट्ट की खुले गड्ढे में डूबने से मौत हो गई. दोस्तों संग पिकनिक मनाने गया हर्षित गहरे पानी में समा गया, जिससे शहर में हड़कंप मच गया है. सेक्टर 150 के युवराज कांड के बाद यह घटना एक बार फिर नोएडा के असुरक्षित गड्ढों और प्रशासन की घोर लापरवाही पर गंभीर सवाल उठा रही है.
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक बार फिर एक गड्ढे में डूबकर एक छात्र की मौत हो गई. यह छात्र एमिटी यूनिवर्सिटी में बीपीएड की पढ़ाई कर रहा था. एग्जाम खत्म होने पर बुधवार को वह दोस्तों संग पिकनिक मनाने गया था, जहां खुले हौद में नहाते समय डूबने से उसकी मौत हो गई. नोएडा सेक्टर 150 में युवराज कांड के बाद हुई इस घटना से एक बार फिर हड़कंप मच गया है.
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने छात्र का शव गड्ढे से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. यह हादसा नोएडा सेक्टर 94 थाना क्षेत्र का है. छात्र की पहचान गाजियाबाद का रहने वाले हर्षित भट्ट के रूप में हुई है. वह यहां एमिटी में बीपीएड के छठें सेमेस्टर की पढ़ाई कर रहा था. बताया जा रहा है कि एग्जाम खत्म होने पर वह अपने तीन दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने निकला था. यहां चारों दोस्त एक हौद में नहा रहे थे, इसी दौरान यह छात्र गहराई में चला गया.
मौज मस्ती के दौरान हादसा
उसके दोस्तों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन तबतक काफी देर हो चुकी थी और डूबने से उसकी मौत हो गई. इसके बाद छात्र के दोस्तों ने ही पुलिस को सूचना दी. इस सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्र को गड्ढे से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और उसके घर वालों को सूचना दी. नोएडा के डीसीपी शाद मियां खान के मुताबिक चारों दोस्त मौज मस्ती कर रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हो गया.
खुले गड्ढों पर फिर उठे सवाल
इस घटना के बाद एक बार फिर नोएडा शहर में खुले और असुरक्षित गड्ढों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. नोएडा के सेक्टर 150 में हुए सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की मौत का मामला अभी ठंडा नहीं हुआ कि एक बार फिर गहरे गड्ढे में डूबने से एक छात्र की मौत हो गई. शहर वासियों का कहना है कि ऐसे गहरे गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस और ध्यान नहीं दे रहा है. हादसे के बाद मृतक के परिवार में गहरा दुख का पहाड़ टूट पड़ा है. पिरजन सदमे में हैं और पूरे इलाके में शोक का माहौल है.
