पहले प्यार, फिर शादी और मर्डर… पत्नी को मारकर सूटकेस में भर दिया था शव, काशी में मजदूरी करता मिला पति
यूपी एसटीएफ ने दादर एवं नगर हवेली में पत्नी की हत्या कर शव सूटकेस में पैक करने वाले आरोपी ऋषभ कुमार सिंह को वाराणसी से गिरफ्तार किया है. आरोपी दो महीने से फरार था और पहचान छिपाकर यहां मजदूरी कर रहा था. यह वारदात प्रेम विवाह के बाद हुए विवाद का नतीजा थी, जब पत्नी ससुराल जाने का दबाव बना रही थी.
यूपी एसटीएफ ने दादर एवं नगर हवेली में पत्नी की हत्या कर शव सूटकेश में पैक कर देने वाले आरोपी को आखिरकार पकड़ लिया है. आरोपी वेष बदलकर बनारस में मजदूरी कर रहा था. आरोपी की पहचान मूल रूप से बिहार के नवादा स्थित रोह थाना क्षेत्र में रहने वाले ऋषभ कुमार सिंह के रूप में हुई है. दादर और नगर हवेली पुलिस इस बदमाश की तलाश करीब दो महीने से कर रही थी.
यूपी एसटीएफ के मुताबिक दादर नगर हवेली के सिलवासा थाना क्षेत्र में आरोपी ने दो महीने पहले अपनी पत्नी की हत्या की थी. वारदात के बाद उसने पत्नी के शव को प्लास्टिक में लपेटकर सूटकेस में पैक करने के बाद वहां से फरार हो गया था. शव बरामद होने के बाद दादर एवं नगर हवेली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर इसकी तलाश शुरू कर दी थी. इसी बीच पुख्ता इनपुट मिलने पर हरकत में आई यूपी STF की टीम ने बनारस में दबिश देकर आरोपी को अरेस्ट कर लिया है.
इस लिए दी वारदात को अंजाम
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पूर्व में सिलवासा स्थित एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था. उसका गांव में ही एक लड़की के साथ प्रेम संबंध था. एक दिन मौका मिलने पर उस लड़की को भगा ले गया और उससे प्रेम विवाह कर लिया. हालांकि इस शादी को ना तो आरोपी के परिवार वालों ने स्वीकारा और न ही लड़की के परिजनों ने ही मान्यता दी. इधर, दुल्हन बनने के बाद ऋषभ की पत्नी ससुराल ले चलने के लिए दबाव बना रही थी. इसी बात पर हुए विवाद में आरोपी ने उसकी हत्या कर दी.
ऐसे हुआ वारदात का खुलासा
पुलिस के मुताबिक आरोपी दो महीने से गायब था. ऐसे में उसके मकान मालिक कमरा किसी और किराए पर देने के लिए खोला तो सूटकेस से पत्नी की सड़ी-गली लाश बरामद हुई. उसने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी. इसके बाद सिलवासा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी. इधर, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भागकर बनारस आ गया और चांदपुर में अपनी पहचान छिपाकर मजदूरी करने लगा था.
