यूपी कॉलेज में प्रिंसिपल के सामने छात्र की हत्या, एक गोली सीधे सिर में लगी; कैंपस में तनाव

वाराणसी के UP कॉलेज में एक स्टूडेंट की गोली मारकर हत्या कर दी गई. साथ छात्र ने प्रिंसिपल के सामने उसपर ताबड़तोड़ फायरिंग की. एक गोली उसके सिर में लगी और हॉस्पिटल ले जाते समय उसकी मौत हो गई. घटना से कैंपस में तनाव का माहौल है, मौके पर पुलिस कमिश्नर के साथ भारी पुलिस बल तैनात है.

यूपी कॉलेज में छात्र सूर्य प्रताप सिंह की हत्या (फाइल फोटो) Image Credit:

वाराणसी के यूपी कॉलेज में गुरुवार को फायरिंग की घटना में एक छात्र की मौत हो गई. आरोपी भी उसी कॉलेज का छात्र है, उसने प्रिंसिपल के सामने ही फायरिंग की घटना को अंजाम दिया. छात्र की मौत की खबर फैलते ही कैंपस में तनाव फैल गया. छात्रों ने उग्र प्रदर्शन किया और तोड़फोड़ की, जिसके बाद कॉलेज को बंद कर दिया गया है.

घटना सुबह 11 बजे हुई. मृतक छात्र सूर्य प्रताप सिंह को कॉलेज के ही एक छात्र मंजीत चौहान ने गोली मारी. सूर्य प्रताप सिंह के सिर में एक और शरीर में दो गोली लगी. गोली मारने के बाद मंजीत चौहान ने हवा में गोली चलाते हुए अपने दोस्त अनुज सिंह के साथ फरार हो गया. वहीं, साथी छात्र सूर्य को ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया.

प्रिंसिपल दोनों को बुलाकर विवाद निपटा रहे थे

कॉलेज के छात्रों के अनुसार, सूर्य प्रताप सिंह बीएससी सेकेंड ईयर का छात्र था और कॉलेज के न्यू हॉस्टल में रहता था. उसका कुछ दिन पहले आर्ट विभाग के छात्र मंजीत चौहान से झगड़ा हो गया था. मामला प्रॉक्टोरियल बोर्ड और प्रिंसिपल धर्मेंद्र सिंह के पास भी पहुंचा. लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई. इसके बाद से ही दोनों में आपसी रंजिश शुरू हो गई थी.

इसी मामले में यूपी कॉलेज के प्रिंसिपल धर्मेंद्र सिंह ने दोनों छात्रों को बुलाकर समझाने का प्रयास किया. लेकिन प्रिंसिपल के ही सामने दोनों छात्रों में बहस होने लगी और तभी मंजीत चौहान ने सूर्या पर चार राउंड फायर किया. इसके बाद आरोपी मंजीत चौहान अपने साथी अनुज फायर के साथ मौके से फरार हो गया. भागते हुए ही उसने पिस्टल झाडियों में फेंक दी थी.

सूर्या बीमार था तो उसे गाज़ीपुर से क्यों बुलवाया गया?

घटना के बाद कॉलेज में मौके पर मौजूद छात्रों ने सूर्य प्रताप सिंह को आनन-फानन में अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया. वहीं, मौत की ख़बर पहुंचते ही कैंपस में छात्रों ने बवाल शुरू कर दिया. तोड़फोड़ शुरू हो गई और कैंपस बंद करा दिया गया. भोजूबीर मार्केट भी बंद करा दिया गया. तनाव को देखते हुए कॉलेज में भारी पुलिस फ़ोर्स तैनात है.

कॉलेज के छात्रों का कहना है कि आरोपी मंजीत पर पहले से आर्म एक्ट के तहत केस है, आखिर आपराधिक परिष्ठभूमि के छात्रों का एडमिशन क्यों लिया जाता है? छात्रों का आरोप है कि सूर्या को चिकन पॉक्स निकला था लेकिन प्रिंसिपल ने उसे गाज़ीपुर से बुलवाया, क्यों बुलवाया क्या वो सूर्या की हत्या कराना चाहते थे? मामले में प्रिंसिपल का भी इस्तीफा हो.

गिरफ्तारी में लगी 6 टीमें, प्रिंसिपल पर भी है आरोप

वहीं, वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल भी सूचना पर कॉलेज पहुंचे. उन्होंने बताया कि यूपी कॉलेज में दो बच्चों के आपसी विवाद में गोली चली है. इसमें एक बच्चे को गोली लगी और उसे बीएचयू के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां से सूचना मिली है कि बच्चे की मौत हो गई है. हमारी टीम ने सभी सेंसिटिव एविडेंश ले लिए हैं.

उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और डीवीआर को कब्जे में ले लिया गया है. थाने पर FIR दर्ज की जा रही है. साथ ही अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए 6 टीमें लगाई गई हैं. अभी यहां के छात्रों से बातचीत में पता चला कि तात्कालिक विवाद में गोली चली है. वहीं, छात्रों ने प्रिंसिपल पर भी आरोप लगाए हैं. छात्रों से लिखकर देने की बात कही गई है.

Follow Us