पूर्वांचल में बारिश, पश्चिमी UP में चलेगी ठंडी बयार; जानें अपने जिले में मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश में आज मौसम का मिजाज बदला है. पूर्वांचल में गरज के साथ बारिश और तूफान की आशंका है, जबकि पश्चिमी यूपी में ठंडी हवाएं चलेंगी जिससे गर्मी से राहत मिलेगी. मौसम विभाग ने बलिया, वाराणसी, प्रयागराज सहित 15 से अधिक जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, वहीं कई जिलों में ओलावृष्टि और वज्रपात का खतरा भी है.
उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल में आज मौसम काफी बदला-बदला सा है. आज प्रदेश के इस हिस्से में कई जगह बारिश होने के आसार हैं. वहीं कुछ जिलों में तूफान भी आ सकता है. संभावित परिस्थिति को लेकर भारतीय मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक बलिया-बनारस से लेकर प्रयागराज अयोध्या तक आज गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है. इस दौरान प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक के साथ ओले भी पड़ सकते है.
मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक आज उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्से में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं चल सकती हैं. इससे तापमान में भी तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है. उधर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी मौसम सुहाना रहने की उम्मीद है. मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी यूपी में धूप तो खिलेगी, लेकिन बदले मौसम की वजह से प्रदेश के इस हिस्से में भी ठंडी हवाएं चल सकती है. इसकी वजह से यहां भी पूरे दिन गर्मी का कोई खास असर नहीं दिखेगा.
इन जिलों में हो सकती है बारिश
भारतीय मौसम विभाग ने आज 15 से अधिक जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. इनमें बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, कुशीनगर, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर (भदोही), जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ और महाराजगंज आदि जिले शामिल हैं. इन सभी जिलों में मौसम विभाग ने 50 किलोमीटर प्रति घंटे या इससे भी तेज गति से हवाएं चलने की संभावना है.
इन जिलों में व्रजपात की आशंका
मौसम विभाग ने करीब दर्जन भर जिलों में व्रजपात की भी आशंका जाहिर की है. आईएमडी के मुताबिक आज वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, भदोही, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, संत कबीर नगर, आजमगढ़, मऊ और बलिया आदि जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश तो होगी ही, इनमें से ज्यादातर जिलों में ओलावृष्टि और बिजली गिरने का भी खतरा है. हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने संबंधित जिलों के प्रशासन को अलर्ट किया है.
पश्चिम में भी गर्मी से राहत
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तीन दिन से तेज धूप निकल रही है. इसकी वजह से गर्मी बढ़ रही है. लेकिन बदले मौसम की वजह से प्रदेश के इस हिस्से में आज तापमान सामान्य के आसपास रह सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक धूप तो आज भी निकलेगी, लेकिन ठंडी हवाओं की वजह से इसमें तल्खी कम रहेगी. मौसम विभाग के मुताबिक मौसम में इस बदलाव की वजह से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिलेगी. हालांकि मौसम में इस बदलाव की वजह से किसानों की चिंता बढ़ गई है. खासतौर पर उन किसानों की, जिनकी फसल अभी खेत खलिहान में है. इसके अलावा मौसम में इस बदलाव से आम की फसल को भी नुकसान हो सकता है.