पूर्वांचल के किसानों की होगी बल्ले-बल्ले, वाराणसी एयरपोर्ट के पास बनेगा कार्गो टर्मिनल
वाराणसी के गंगापुर, दयालीपुर और जगदीशपुर में 87 एकड़ भूमि पर गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल बनने जा रहा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट किसानों को बड़ा बाजार उपलब्ध कराएगा, जिससे उनके उत्पाद जल्दी अंतर्राष्ट्रीय बाजार पहुंचेंगे. टर्मिनल बनने से शहर में ट्रकों और भारी वाहनों का प्रवेश कम होगा.
वाराणसी के गंगापुर, दयालीपुर और जगदीशपुर इन तीन गांव के 87 एकड़ भूमि पर गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल बनने जा रहा है. टर्मिनल बनाने का मकसद किसानों को बड़ा बाजार उपलब्ध कराना और उनके उत्पाद जल्द से जल्द बाजार में पहुंचे साथ ही शहर में ट्रकों और भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगे और ट्रैफ़िक सिस्टम में सुधार हो सके. टर्मिनल के बनने से पूर्वांचल के लाखों किसानों, बुनकरों और हस्तशिल्प से जुड़े कारीगरों को फायदा होगा.
वाराणसी के जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि जमीन चिन्हित कर ली गई है और डीपीआर बनाकर शासन को भेज दी गई है. शासन से मंजूरी मिलते ही जमीन अधिग्रहण का काम शुरू होगा. उसके बाद निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा. गति शक्ति कार्गो टर्मिनल के बनने में करीब 35 करोड़ का खर्च आएगा. इसके बनने से परिवहन खर्च घटेगा चीज़ें सस्ती होंगी और रोजगार का सृजन होगा.
कार्गो टर्मिनल को बड़ी सौगात मान रहे हैं किसान
आम के बड़े व्यापारी सौरभ रघुवंशी इस कार्गो टर्मिनल को किसानों के लिए एक बड़ी सौगात मानते हैं. सौरभ रघुवंशी ने टीवी9 डिजिटल को बताया कि अभी सेवापुरी में सब्जियों के निर्यात के लिए पेरिशेबल कार्गो सेंटर है, लेकिन एक तो वो एयरपोर्ट से बहुत दूर है और ज्यादातर वो बंद ही रहता है. यदि एयरपोर्ट के बगल में ही ये सुविधा मिल जाए तो इससे ना सिर्फ किसानों की कमाई बढ़ेगी बल्कि किसान भी सब्जियों की खेती अंतर्राष्ट्रीय मानक के अनुसार करेंगे.
मिर्जापुर के बैंगन और जौनपुर के मूली को मिलेगा बाजार
बनारस का आम, परवल, हरी मिर्च, सहजन और नींबू जबकि मिर्ज़ापुर का बोड़ा और बैंगन, जौनपुर की मूली जैसी सब्जियों को अंतर्राष्ट्रीय बाजार मिलेगा. हालांकि अभी भी यहां की सब्जियां और फल दुबई जाते हैं लेकिन बहुत कम मात्रा में ही. इस सेंटर के बनने से पूर्वांचल के किसानों को जबरदस्त लाभ मिलने की उम्मीद है.
87 एकड़ भूमि की गई है चिन्हित
तीन गांव के 87 एकड़ भूमि चिन्हित की गई है. गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल का निर्माण एयरपोर्ट के पास कराया जाएगा. इससे किसानों की सब्जियों और बुनकरों के तैयार माल को अंतर्राष्ट्रीय बाज़ार मिलेगा.