यूपी में लू जैसे हालात, 39 डिग्री तक पहुंचा पारा, इस दिन बारिश के आसार
यूपी में लू जैसे हालात हैं. अधिकतम तापमान 39 डिग्री दर्ज किया जा रहा है. मौसम विभाग की तरफ से लोगों को दोपहर के समय तेज धूप से बचने की सलाह दी गई है. हालांकि, प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के चलते अगले 2 से तीन दिन बारिश की भी संभावनाएं जाहिर की गई हैं.
उत्तर प्रदेश में मार्च महीने में ही मई जैसी गर्मी पड़ रही है. अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया जा रहा है. फिलहाल, प्रदेश में तेज धूप और उमस भरा मौसम बना हुआ है. लगातार तीसरे दिन आज राज्य में अधिकतम तापमान 39 डिग्री के पास दर्ज किया गया.
दो दिनों में बारिश का अलर्ट
14 मार्च को हिमालयी क्षेत्र में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा. इसका असर उत्तर प्रदेश पर भी पड़ेगा. इसके चलते राज्य के कुछ हिस्सों में अगले एक-दो दिनों के दौरान मौसम बदल सकता है. 15 और 16 मार्च को कई शहरों में तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश या छिटपुट बारिश होने की संभावना भी है. इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी कमी देखने को मिलेगी.
सामान्य से ज्यादा रिकॉर्ड किया जा रहा तापमान
इस साल मार्च महीने से ही अधिक तीव्र रूप में महसूस हो रही है.कई जिलों में तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा दर्ज किया जा रहा है. ऐसे में मौसम विभाग की तरफ से लोगों को दोपहर के समय तेज धूप से बचने की सलाह दी गई है. बाहर निकलते समय सिर को ढककर रखने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की भी अपील की गई है.
बांदा फिर रहा सबसे गर्म जिला
बांदा आज लगातार तीसरे दिन प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा. यहां अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री दर्ज किया गया. फिर झांसी में 38.5, आगरा में 38.2, ओरई में 37.5 और हमीरपुर में 37.2 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया.वहीं, 15.8 डिग्री के साथ नजीबाबाद सबसे कम तापमान वाला शहर रहा. फिर फुरसतगंज और कानपुर में 16.8, बुलंदशहर में 17.5 डिग्री न्यूनतम तापमान पाया गया.
प्रदेश के कई शहरों में धूंध की स्थिति
बता दें कि आज सुबह फिर प्रदेश के कई शहरों में घनी धुंध बनी रही और विजिबिलिटी कुछ मीटर तक सीमित हो गई. विशेषज्ञों का मानना है कि जलवायु परिवर्तन और मौसम के बदलते पैटर्न भी इस तरह की असामान्य परिस्थितियों के पीछे एक कारण हो सकते हैं. साथ ही रेडिएशन फॉग के चलते मौसम इस तरह का हो सकता है.
