48 घंटे के अंदर यूपी में भारी बारिश-तूफान का अलर्ट, 90 KM/H की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
आईएमडी ने 28 और 29 मई को प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक, धूल भरी आंधी और 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान भीषण गर्मी से राहत जरूर मिलेगी. लेकिन जानमाल को भारी नुकसान पहुंच सकता है.
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू से लोग बेहद परेशान हैं. अधिकांश जिलों में पारा 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया जा रहा है. वहीं, कई शहरों में तापमान 45 से 48 डिग्री तक बना हुआ है. हालांकि, अगले 48 घंटे के दौरान प्रदेशवासियों को गर्मी से राहत मिल सकती है. मौसम विभाग ने प्रदेश के पश्चिमी, मध्य और पूर्वी हिस्सों में अगले 48 घंटों के दौरान मौसम में बड़ी तब्दीली की संभावनाएं जताई है.
भारी बारिश और तूफान का अलर्ट
आईएमडी ने 28 और 29 मई को प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक, धूल भरी आंधी और 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री की गिरावट आ सकती है. इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है. हालांकि, धूल भरी आंधी के चलते भारी जनहानि की स्थिति का सामना करना पड़ सकता है.
यूपी के कई शहरों में तेज आंधी से नुकसान
बता दें 27 मई की रात को प्रदेश के कई शहरों में धूल भरी आंधी की स्थिति देखी गई. इसके चलते कई जगहों पर पेड़ गिरने और बिजली के खंभों के धाराशायी होने की सूचना है. इसके चलते प्रदेश में कई जगहों पर विद्युत व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है. मथुरा से तो खड़ी गाड़ियों पर पेड़ गिरने के विजुअल भी सामने आई है. मौसम विभाग ने आंधी-तूफान की स्थिति में घर से बाहर न निकलने और पेड़ और बिजली के खंभों के पास ना खड़े रहने की अपील की है.
इन जिलों में हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज भी बांदा, महोबा, झांसी, हमीरपुर, जालौन और आगरा में हीट वेव के साथ ही वार्म नाइट को लेकर भी येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं ललितपुर, प्रयागराज, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, कानपुर, कानपुर देहात, औरेया, इटावा,मैनपुरी, कन्नौज, फर्रुखाबाद, एटा, कांशीरामनगर, अलीगढ़, बुलंदशहर, गौतमबुद्धनगर, हापुड़, गाजियाबाद, मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर, बिजनौर और शामली जिले में हीट वेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा फिरोजाबाद, महामायानगर और मथुरा में हीट वेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
बांदा फिर रहा सबसे गर्म शहर
पिछले 24 घंटे के दौरान 47.6 डिग्री के साथ बांदा सबसे गर्म शहर रहा. फिर झांसी में 46, ओरई में 45.8, आगरा में 45.5 और प्रयागराज में 45.4 डिग्री अधिकतम तापमान रहा. वहीं, न्यूनतम तापमान की बात करें तो हरदोई 21.5 डिग्री के साथ पहले स्थान पर रहा. फिर गोरखपुर में 21.8, बस्ती में 23 और शाहजहांपुर में 23.8 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा.
