बरेली में कारोबारी आशुतोष अग्रवाल के घर सुबह-सुबह क्यों पहुंच गई ED?

ईडी ने पंजाब, दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में एक साथ कई स्थानों पर जांच अभियान चलाया है. इसी क्रम में बरेली में भी टीम की तरफ कारोबारी आशुतोष अग्रवाल के घर पर छापामारी की जा रही है.सूत्रों का कहना है कि यह कार्रवाई एक बड़े वित्तीय मामले से जुड़ी हो सकती हैं, जिसकी कड़ियां अलग-अलग राज्यों तक फैली हुई हैं.

बरेली में कारोबारी आशुतोष अग्रवाल के घर ED का छापा

बरेली में मंगलवार यानी 09 जून को उस समय हलचल मच गई. जब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने सिविल लाइंस क्षेत्र के कारोबारी आशुतोष अग्रवाल के घर पर छापेमारी की कार्रवाई शुरू की. सुबह-सुबह पहुंची टीम ने घर के अंदर जांच पड़ताल की और परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की जा रही है.ईडी की यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक मामले की जांच के तहत की गई है.

ईडी ने पंजाब, दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में एक साथ कई स्थानों पर जांच अभियान चलाया है. इसी क्रम में बरेली में भी टीम की तरफ कारोबारी के ठिकाने पर छापामारी की जा रही है. अधिकारियों ने पूरे मामले को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है. लेकिन जांच को लेकर टीम कई दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड खंगाल रही है.

सुबह पहुंची टीम, घर के बाहर बढ़ी सुरक्षा

सूत्रों के मुताबिक मंगलवार सुबह दिल्ली से आई ईडी की टीम मारवाड़ीगंज स्थित आशुतोष अग्रवाल के आवास पर पहुंची. टीम के पहुंचते ही घर के मुख्य दरवाजे बंद कर दिए गए और बाहरी लोगों की आवाजाही रोक दी गई. जांच के दौरान घर में मौजूद लोगों के मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए गए, ताकि किसी तरह की जानकारी बाहर न जा सके और जांच प्रभावित न हो.

कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद रही. पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था संभालने और भीड़ को नियंत्रित करने की जिम्मेदारी दी गई थी. अधिकारियों ने पूरे समय घर के भीतर और बाहर की गतिविधियों पर नजर बनाए रखी. बता दें कि आशुतोष अग्रवाल बरेली के जाने-माने कारोबारी हैं और आई क्रस्ट स्टोर से जुड़े हुए हैं. इसके अलावा वह कैडबरी चॉकलेट के डीलर के रूप में भी कारोबार करते हैं. ईडी की टीम उनके कारोबारी लेन-देन और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रही है.

पंजाब, दिल्ली-नोएडा समेत छह ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई

ईडी ने मंगलवार को पंजाब के लुधियाना और जालंधर में भी तलाशी अभियान चलाया. इसके अलावा दिल्ली, नोएडा और बरेली समेत कुल छह स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की गई. जांच के दायरे में आए लोगों और कंपनियों के आवासीय तथा व्यावसायिक परिसरों की तलाशी ली गई. सूत्रों का कहना है कि यह कार्रवाई एक बड़े वित्तीय मामले से जुड़ी हो सकती हैं, जिसकी कड़ियां अलग-अलग राज्यों तक फैली हुई हैं.

अभी भी कार्रवाई जारी है

जांच एजेंसी की तरफ अभी तक मामले की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है. इसलिए छापेमारी के पीछे की पूरी वजह और जांच का दायरा आधिकारिक जानकारी आने के बाद ही साफ हो सकेगा. फिलहाल बरेली में कारोबारी आशुतोष अग्रवाल के घर हुई इस कार्रवाई को लेकर कारोबारी जगत में चर्चा बनी हुई है. अभी भी छापामारी जारी है.

Follow Us