योगी सरकार 2.0 का दूसरा मंत्रिमंडल विस्तार आज, 6 नए मंत्री लेंगे शपथ; दलित-पिछड़ों पर ज्यादा फोकस

उत्तर प्रदेश में आज योगी मंत्रिमंडल का विस्तार होना है. इसमें 6 नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी, जिनमें दो कैबिनेट मंत्री और कुछ राज्यमंत्री शामिल होंगे. इसके अलावा कुछ मौजूदा मंत्रियों के विभागों में भी बदलाव संभव है. जनभवन में शपथ ग्रहण की तैयारियां तेज हो गई हैं.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो)

योगी सरकार 2.0 का दूसरा मंत्रिमंडल विस्तार रविवार को होगा. दोपहर करीब 3:30 बजे जनभवन में छह विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी. इसी सिलसिले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार शाम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की. इसके बाद इसको लेकर यूपी बीजेपी के कोर ग्रुप के नेताओं के साथ वर्चुअल बैठक भी हुई.

यह विस्तार आगामी विधानसभा चुनावों से पहले जातीय समीकरणों को साधने और महत्वपूर्ण क्षेत्रों को कवर करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है. यूपी सरकार में कुल 60 मंत्री विधायकों की संख्या के अनुपात में हो सकते हैं. इस समय 6 मंत्रियों के पद लोकसभा चुनावों के बाद से ख़ाली चल रहे हैं. नए चेहरों में दो कैबिनेट मंत्री और 3-4 राज्यमंत्री बनाए जा सकते हैं.

योगी कैबिनेट में शामिल हो सकते हैं ये चेहरे

यूपी बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी और समाजवादी पार्टी से आए ऊंचाहार विधायक मनोज पांडे को कैबिनेट मंत्री बनाया जा सकता है. अलीगढ़ की खैर विधानसभा सीट से विधायक सुरेन्द्र सिंह दिलेर, फतेहपुर की खागा सीट से विधायक कृष्णा पासवान, कन्नौज की तिर्वा विधानसभा सीट से विधायक कैलाश राजपूत और वाराणसी से रहने वाले मनोनीत MLC हंसराज विश्वकर्मा को राज्यमंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है.

मंत्रिमंडल विस्तार में दलित, पिछड़ों पर ज्यादा फोकस किया जाएगा. जातीय समीकरण के हिसाब से मंत्रिमंडल विस्तार में शामिल नए चेहरों में 1 ब्राह्मण, 3 ओबीसी और 2 दलित समाज से हैं. कैबिनेट विस्तार में उन इलाकों को कवर करने की कोशिश होगी, जिनको साधकर पार्टी अपनी चुनावी रणनीति को तैयार कर सकती है.

कुछ मौजूदा मंत्रियों के विभागों में भी बदलाव

सूत्रों का दावा है कि मंत्रियों के कामकाज में बदलाव भी हो सकता है. समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण, सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, गन्ना विकास राज्यमं‌त्री संजय सिंह गंगवार का कद बढ़ सकता है. वहीं, कुछ मंत्रियों के विभाग में कटौती और कुछ वरिष्ठ मंत्रियों के विभाग बदलाव भी हो सकता.

सूत्रों के मुताबिक, जिनके नाम संभावित सूची में है, उन विधायकों को लखनऊ पहुंचने को कहा गया है. कुल 6 में से तीन विधायक कृष्णा पासवान, मनोज पांडेय, रोमी साहनी लखनऊ में मौजूद हैं. योगी सरकार 2.0 का पहला कैबिनेट विस्तार लोकसभा चुनाव से ठीक पहले 5 मार्च 2024 को हुआ था. इसमें ओमप्रकाश राजभर समेत कई नेताओं ने शपथ ली थी.

Follow Us