लखनऊ में 11वीं मंजिल से कूद गई युवती, टीन शेड के चलते बच गई जान, जानें कैसे

लखनऊ में एक युवती ने पार्श्वनाथ प्लाजा की 11वीं मंजिल से छलांग लगा दी. एक टीन शेड के चलते उसकी जान बच गई. युवती का दाहिना हाथ टूट गया है. पसलियों, पीठ व माथे पर भी गंभीर चोटें आई हैं. सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे तुरंत डॉ. राम मनोहर लोहिया संस्थान में भर्ती कराया. फिलहाल युवती की हालत गंभीर बनी हुई है.

लखनऊ में युवती ने 11वीं मंजिल से लगाई छलांग Image Credit:

लखनऊ के विभूतिखंड इलाके में पार्श्वनाथ प्लाजा की 11वीं मंजिल से रविवार देर शाम एक 22 वर्षीय युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों में छलांग लगाकर जान देने की कोशिश की. कूदने के बाद युवती पहले तल पर बने
टीन से टकराकर नीचे फर्श पर गिरी. फिलहाल, युवती की जान बच गई. लेकिन वह गंभीर तौर पर घायल हो गई.युवती की पहचान शिवांशी पाल के तौर पर हुई. वह रायबरेली के अजयनगर कमलापुर की रहने वाली है.

वॉशरूम की खिड़की से युवती ने लगा दी छलांग

शिवांसी लखनऊ के खरगापुर इलाके में अपनी बहन के साथ किराये के कमरे में रहती है. वह पार्श्वनाथ प्लाजा की 11वीं मंजिल पर स्थित वोडाफोन एडब्ल्यूएस ऑफिस में बतौर टेलीकॉलर काम करती है. रविवार यानी 03 मई की शाम तकरीबन 7.15 बजे उसने अपने सहकर्मियों से वॉशरूम जाने की बात कही. काफी देर तक वह वापस नहीं आई.सहकर्मियों ने जब उसे तलाश करना शुरू किया तो पता चला उसने वॉशरूम की खिड़की खोलकर नीचे छलांग लगा दी.

टीन शेड के चलते युवती की बची जान

युवती सीधे तौर पर नीचे नहीं गिरी. वह पहले तल पर लगे टीन शेड से टकराई, जिससे उसकी गिरने की रफ्तार कम हो गई. फिर जाकर वह नीचे फर्श पर गिरी. युवती का दाहिना हाथ टूट गया है. पसलियों, पीठ व माथे पर भी गंभीर चोटें आई हैं. सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे तुरंत डॉ. राम मनोहर लोहिया संस्थान में भर्ती कराया. फिलहाल युवती की हालत गंभीर बनी हुई है.

मानसिक तौर पर परेशान थी युवती

घटना की सूचना मिलते ही एसीपी विभूतिखंड विनय कुमार द्विवेदी और इंस्पेक्टर अमर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए. शिवांशी की बहन ने पुलिस को बताया कि वह काफी वक्त से बीमार चल रही थी. इसलिए वह मानसिक तौर पर परेशान थी. हालांकि, आत्महत्या की कोशिश करने के पीछे की असल वजह क्या है, यह अभी तक साफ नहीं हो पाया. पुलिस ने शिवांशी का मोबाइल कब्जे में ले लिया है.उसके कॉल डिटेल को खंगाला जा रहा है. इसके अलावा सहकर्मियों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है.

Follow Us