दिल्ली का युवक आगरा में बना फर्जी विधायक, होटल में 18 दिन फ्री में जमाया डेरा; अब गिरफ्तार

आगरा में एक दिल्ली के युवक ने खुद को विधायक बताकर 18 दिनों तक एक होटल में मुफ्त में रहकर धोखाधड़ी की. उसने बीजेपी के नाम का दुरुपयोग कर खाने-पीने का सामान भी मुफ्त में मंगवाया. इतना ही नहीं स्टेडियम में भी VIP बनकर रौब जमाया. अब पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है.

आगरा से फर्जी विधायक गिरफ्तार Image Credit:

आगरा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. जहां एक युवक ने खुद को विधायक बताकर पिछले 18 दिनों से होटल में मुफ्त में टिका हुआ था. बीजेपी के नाम और रसूख का इस्तेमाल करके खाने-पीने का सामान भी मुफ्त में मंगवा रहा था. रौब इतना कि पुलिस भी शुरुआत में झिझक दिखाई, लेकिन अब युवक को हिरासत में ले लिया गया है.

आरोपी युवक दिल्ली का रहने वाला है. उसने आगरा के सदर क्षेत्र के कारोबारियों को परेशान कर दिया था. होटल के मालिक के अनुसार, युवक आस-पास के सभी नजदीकी रेस्टोरेंट से दिनभर खुद के लिए और अपने परिचितों के लिए खाने-पीने का सामान मंगवा रहा था, लेकिन बदले में पैसे नहीं दे रहा था.

स्टेडियम में भी वीआईपी बनकर पहुंच गया था

आरोपी युवक सदर स्थित होटल पवन में डेरा जमाए हुए था. 29 अक्टूबर को दिल्ली नंबर की स्कॉर्पियो कार लेकर आए इस युवक ने खुद को विधायक विनोद कुमार बताकर कमरा किराए पर लिया. कार पर राज्यसभा सांसद लिखवाया हुआ था. कमरा लेने के बाद आरोपी ने उस पर कब्जा कर लिया और 18 दिन से बिना किराया दिए वहीं जमा रहा.

युवक की हरकतों की हद तब हुई जब वह एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में एक आयोजन के दौरान वीआईपी बनकर पहुंच गया. उसने स्टेडियम स्टाफ को धमकाया और अगले दिन से खुद क्रिकेट खेलने आने की बात कहते हुए अलग से व्यवस्थाएं करने को कहा. इतना ही नहीं, उसने अपना एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी डाला.

एडीसीपी की फटकार के बाद हुआ गिरफ्तार

परेशान होकर पीड़ित होटल मालिक ने सौदागर लेन पुलिस चौकी पर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कार पर लगे बीजेपी के झंडे और सांसद लिखे होने के कारण पूछताछ करने की हिम्मत नहीं जुटा पाई. कथित तौर पर आरोपी ने पुलिस के सामने भी अपना रसूख दिखाते हुए कहा कि वह सरकारी काम के कारण 1 दिसंबर तक और रुकेगा.

युवक की इन हरकतों से पीड़ित होटल कारोबारी का व्यापार ठप होने लगा. शनिवार को यह गंभीर मामला एडीसीपी सिटी आदित्य कुमार के पास पहुंचा. एडीसीपी ने तत्काल एसीपी सदर इमरान अहमद को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए. एसीपी इमरान अहमद ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया, ‘आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.’

Follow Us