बॉयफ्रेंड से बात करती थी बहन, भाई ने छीना फोन तो गुस्से में फौजी ने कर दी हत्या; हैरान कर देगा खुलासा
औरैया में एक चौंकाने वाली वारदात का खुलासा हुआ है. यहां छुट्टी पर आए फौजी भानु ने प्रेम प्रसंग के चलते अपनी प्रेमिका के भाई अर्जुन की हत्या कर दी. अर्जुन ने बहन के प्रेम प्रसंग की जानकारी होने पर उसका फोन छीन लिया था, जिससे नाराज फौजी ने ईंट से कुचलकर उसे मार डाला.
उत्तर प्रदेश के औरैया में 13 फरवरी की रात हुए एक किसान के मर्डर का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. यह वारदात छुट्टी पर घर आए फौजी ने अंजाम दिया है. पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर जरूरी पूछताछ के बाद जेल भेज दिया है. पुलिस की जांच और आरोपी से पूछताछ में वारदात की वजह प्रेम प्रसंग के रूप में सामने आया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
औरैया के अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा ने वारदात का खुलासा करते हुए बताया कि बीते 14 फरवरी की सुबह पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना आई थी. इसमें बताया गया था कि अजीतमल थाना क्षेत्र के अमावता गांव में गेहूं के खेत में एक युवक का शव पड़ा है. इस सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान अर्जुन सिंह पुत्र दुर्गा सिंह निवासी अमावता के रूप में कराई. इसके बाद पुलिस ने अर्जुन के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की.
सर्विलांस के जरिए आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने मामले की जांच करते हुए सर्विलांस की मदद से आरोपी भानु उर्फ दुरपत सिंह पुत्र उमेश सिंह को अरेस्ट किया है. पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह साल 2017 में सेना में भर्ती हुआ था. उससे पहले से वह अर्जुन की बहन से प्यार करता था. दोनों चोरी छुपे फोन पर बात करते थे. पिछले दिनों इसकी खबर अर्जुन को हो गई तो उसने अपनी बहन का फोन छीन लिया और उसे काफी डांटा फटकारा था.
छुट्टी आकर किया मर्डर
जानकारी होने पर आरोपी भानु उर्फ दुरपत ने बदला लेने की ठानी और छुट्टी लेकर घर आया. उसे पता था कि अर्जुन फसल की रखवाली के लिए खेत में सोता है. इसलिए वह पूरी तैयारी के साथ खेत में पहुंच गया. संयोग से आहट पाकर अर्जुन उठकर बैठ गया. ऐसे में आरोपी ने उसकी आंखों में मिर्च झोंक दिया और फिर ईंट से कुचलकर उसकी हत्या कर दी.
फिर बनाई ये कहानी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने अर्जुन का फोन लेकर खुद उसके छोटे भाई को फोन किया. उसने अपनी पहचान बताए बिना कहा कि उसके भाई को किसी जंगली जानवर ने मार दिया है. इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. पुलिस के मुताबिक सर्विलांस के जरिए पुलिस को पुख्ता इनपुट मिल गया कि यह वारदात आरोपी भानु ने अंजाम दिया है. इसके बाद पुलिस ने उसे अरेस्ट कर पूछताछ की. इसमें वारदात का खुलासा होने के बाद उसे जेल भेजा गया है.
