अयोध्या: भदरसा गैंगरेप मामले में सजा का ऐलान, दोषी राजू खान को 20 साल की जेल, 50 हजार जुर्माना

अयोध्या के बहुचर्चित भदरसा दुष्कर्म कांड में पॉक्सो कोर्ट ने सजा का ऐलान कर दिया है. कोर्ट ने मुख्य आरोपी राजू खान को 20 साल की सजा और ₹50,000 जुर्माना लगाया गया है. इससे पहले कोर्ट ने DNA रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद सपा नेता मोईद खान को बरी कर दिया था.

अयोध्या गैंगरेप केस में राजू खान को 20 साल की जेल

अयोध्या के बहुचर्चित भदरसा दुष्कर्म कांड में पॉक्सो कोर्ट ने गुरुवार को सजा का ऐलान कर दिया है. कोर्ट ने मुख्य आरोपी राजू खान को 20 साल की सजा सुनाया है. साथ ही 50,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है. इससे एक दिन पहले कोर्ट ने DNA रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद समाजवादी पार्टी के नेता मोईद खान को मामले में बरी कर दिया था.

अयोध्या के पॉक्सो प्रथम कोर्ट ने यह भदरसा गैंगरेप मामले में यह फैसला सुनाया है. इस मामले में 29 जुलाई 2024 को थाना पूराकलंदर में गैंगरेप का मुकदमा दर्ज हुआ था. सपा नेता मोईद खान और उसके नौकर राजू खान पर आरोप लगा था. दोनों का DNA जांच कराया गया था, जिसमें मोईद खान का रिपोर्ट निगेटिव और राजू खान का पोजिटिव आया था.

नाबालिग के गर्भवती होने पर खुला था मामला

दरअसल, भदरसा में एक 12 साल की नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर गैंगरेप हुआ था. पीड़िता के परिजनों ने सपा नेता और भदरसा नगर के अध्यक्ष मोईद खान, उनके यहां काम करने वाले राजू खान पर आरोप लगाया था. आरोप था कि नाबालिग को बेकरी में बुलाकर रेप किया. फिर वीडियो बनाया और ब्लैकमेल कर महीनों तक बार-बार दुष्कर्म किया.

इस बीच जब लड़की दो महीने की गर्भवती हो गई, तब जुलाई 2024 में मामला सामने आया. 30 जुलाई 2024 को पुलिस ने मोईद खान और राजू खान को गिरफ्तार किया था, तब से दोनों जेल में बंद है. पुलिस ने मोईद खान की बेकरी सील कर अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर भी चलाया था. साथ ही पॉक्सो एक्ट, ब्लैकमेलिंग समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया था.

DNS रिपोर्ट निगेटिव के बाद मोईद खान हुए बरी

अयोध्या के पॉक्सो प्रथम कोर्ट ने बुधवार को मामले की सुनवाई करते हुए मोईद खान को निर्दोष बरी कर दिया, डीएनए जांच में उसकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी. जबकि राजू खान का डीएनए पोजिटिव आया, उसे दोषी ठहराया गया था. वहीं, आज कोर्ट ने सभी तथ्यों और गवाहों को सुनने के बाद राजू खान को 20 साल की जेल और 50 हजार जुर्माना लगाया है.