पुरानी रंजिश या गैंगवार… मुख्तार के शूटर की गोली मारकर हत्या, 15 राउंड फायरिंग से दहल उठा बाराबंकी
बाराबंकी में शुक्रवार को अज्ञात बदमाशों ने कुख्यात माफिया डॉन मुख्तार अंसारी के करीब वकील शोएब किडवाई उर्फ बॉबी की गोली मारकर हत्या कर दी. बाराबंकी में इस वकील को मुख्तार के शार्प शूटर के रूप में भी जाना जाता था. दिन दहाड़े हुई इस फायरिंग से पूरा इलाका दहल गया. कुल 15 राउंड से अधिक फायरिंग हुई है.
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में शुक्रवार को अज्ञात बदमाशों ने कुख्यात माफिया डॉन मुख्तार अंसारी के करीब वकील शोएब किडवाई उर्फ बॉबी की गोली मारकर हत्या कर दी. बाराबंकी में इस वकील को मुख्तार के शार्प शूटर के रूप में भी जाना जाता था. दिन दहाड़े हुई इस फायरिंग से पूरा इलाका दहल गया. कुल 15 राउंड से अधिक फायरिंग हुई है. आशंका है कि बदमाशों ने विधिवत रैकी कर इस वारदात को अंजाम दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
यह वारदात लखनऊ-अयोध्या हाईवे स्थित असेनी मोड़ के पास का है. बताया जा रहा है कि वकील बॉबी लखनऊ की ओर से आ रहे थे. इसी दौरान पहले से घात लगाकर बैठे अज्ञात हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और बचने का मौका दिए बिना उनके ऊपर फायर खोल दिया. स्थानीय लोगों के मुताबिक दिन दहाड़े हुई इस वारदात में बदमाशों ने 15 राउंड से अधिक फायरिंग की. इसमें से करीब आधा दर्जन गोलियों का खोका पुलिस ने बरामद किया है.
मुख्तार के शार्प शूटर के रूप में थी पहचान
वकील शोएब किडवाई उर्फ बॉबी वैसे तो बाराबंकी की कोर्ट में वकालत करता था, लेकिन उसकी पहचान बाहुबली मुख्तार अंसारी के करीबी और शार्प शूटर के रूप में थी. बदमाशों ने बॉबी के ऊपर अंधाधुंध गोलियां बरसाई और मौके से फरार हो गए. इसके बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी. पुलिस ने मौके पर पहुंच कर बॉबी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.
महकमे में हड़कंप
दिन दहाड़े हुई इस वारदात से बाराबंकी जिले का पुलिस महकमा हिल गया है. आनन फानन में जिले के तमाम बड़े अफसर लाव लश्कर के साथ मौके पर पहुंचे. इस बीच नगर कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम ने मौके पर पहुंच कर वारदात से जुड़े सबूत इकट्ठा किया है. पुलिस को आशंका है कि यह घटना गैंगवार हो सकता है. हालांकि पुरानी रंजिश के एंगल से भी मामले की जांच कराई जा रही है.