डेढ़ दर्जन मुकदमे, 21 साल से था फरार… एनकाउंटर में पकड़ गया बदमाश परवेज, पैर में लगी गोली
फिरोजाबाद पुलिस ने 21 साल से फरार 50 हजार के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है. इनामी बदमाश परवेज पर गैंगस्टर और डकैती समेत डेढ़ दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं. वह अलीगढ़ में नाम बदलकर ई-रिक्शा चलाता था. पुलिस कई सालों से बदमाश की तलाश में थी.
फिरोजाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. थाना उत्तर और एसओजी/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में 21 साल से फरार चल रहे बदमाश परवेज को पकड़ा है. आरोपी पर 50 हजार रुपये के इनाम घोषित थे. वह लंबे समय से नाम और पहचान बदलकर पुलिस से बचता फिर रहा था. अब पुलिस मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चल रहा था. इसकी के तहत एसओजी, सर्विलांस और थाना उत्तर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. आरोपी का नाम परवेज है. वह 2005 से कई आपराधिक मामले में फरार चल रहा था. DIG आगरा रेंज ने उसपर 50 हजार का इनाम रखा था.
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी थाना उत्तर क्षेत्र की बैंदी की पुलिया के पास छिपा हुआ है. सूचना पर पुलिस टीम ने संयुक्त दबिश दी. खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायर किया, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया.
घायल परवेज को तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. परवेज के पिता का नाम ज्वाला उर्फ जलाल उर्फ असलम है. वह मूल रूप से थाना रामगढ़ फिरोजाबाद का रहने वाला है. पूछताछ में सामने आया कि वह वर्षों से पिता का नाम और अपनी पहचान बदल-बदल कर रह रहा था. हाल के समय में वह अलीगढ़ में ई-रिक्शा चलाने का काम करता था.
फिरोजाबाद और अलीगढ़ में कई मुकदमें दर्ज
आरोपी अलीगढ़ के थाना क्वार्सी क्षेत्र में ई-रिक्शा चलाकर छिपा जीवन बिता रहा था. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, 4 जिंदा कारतूस, बिना नंबर वाली स्पलेंडर मोटरसाइकिल जब्त की है. आरोपी पर फिरोजाबाद और अलीगढ़ में गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, डकैती, लूट, NDPS और हत्या के प्रयास समेत डेढ़ दर्जन से ज्याजा मुकदमे दर्ज हैं.
