लखनऊ में तेज रफ्तार कार का कहर, खड़े ऑटो समेत कई लोगों को कुचला; एक मासूम की मौत
लखनऊ में एक भीषण सड़क हादसा हुआ. एक तेज रफ्तार कार ने बाइक, लोगों और एक ऑटो को टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में दो महिलाओं और दो बच्चों सहित करीब छह लोग घायल हुए, जिनमें से एक मासूम बच्चे ने दम तोड़ दिया. चालक कार सहित मौके से फरार हो गया.
लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम तेज रफ्तार कार ने तबाही मचा दी. बेकाबू कार ने सड़क किनारे खड़ी बाइक में टक्कर मारने के बाद कई लोगों को कूचल डाला. साथ ही एक खाली खड़े ऑटो में ठोकर मारते रूका. इस भीषण हादसे में दो महिलाओं और दो बच्चों सहित करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए.
घटना के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया. बाद में सभी घायलों को पास के निजी अस्पताल पहुंचाया गया. जहां गंभीर रूप से घायल मासूम बच्चे को सरोजनी नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रेफर कर दिया गया. लेकिन वहां पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पहले बाइक में ठोकर, फिर कई लोगों को रौंदा
दरअसल, बंथरा के सहिजनपुर निवासी प्रमोद कुमार गुरुवार देरशाम करीब 7 बजे बंथरा में कानपुर रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास सड़क किनारे अपनी बाइक खड़ी कर दुकान पर सामान लेने चले गए. तभी लखनऊ से कानपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में ठोकर मार दी. इसके बाद आगे खड़े कई लोगों को अपने चपेट में ले लिया.
अनियंत्रित कार से बंथरा निवासी पापे उर्फ पउवा के बेटे अरमान (12), उन्नाव के अटवा खुर्द निवासी संजय पटेल की पत्नी साधना पटेल (35), उनकी मां मीना देवी (60) और बेटे दीक्षांत (6) को ठोकर मारी. साथ ही आगे अपना ई-रिक्शा लेकर खड़े उन्नाव के ही सोहरामऊ थाना अंतर्गत पथरहा निवासी चालक अवध बिहारी (42) को टक्कर मार दी.
कार के साथ चालक फरार, तलाश में जुटी पुलिस
इतना ही नहीं कार ने आगे खाली खड़ी एक ऑटो में जोरदार ठोकर मारी और उसके बाद कर चालक वाहन सहित फरार हो गया. इस हादसे में सभी लोग घायल हो गए. राहगीरों की मदद से आनन फानन सभी घायलों को पास के निजी अस्पताल पहुंचाया गया और घटना की सूचना पुलिस को दी गई.
वहीं बच्चे की हालत अधिक गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे सरोजनी नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर कर दिया. लेकिन सरोजनी नगर सीएचसी पहुंचते ही चिकित्सकों ने दीक्षांत को मृत घोषित कर दिया. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और सीसीटीवी के सहारे कार और उसके चालक का पता लगाने में जुटी है.
