BJP विधायक नंदकिशोर गुर्जर को जान से मारने की धमकी, सलीम वास्तिक केस का किया जिक्र

गाजियाबाद के लोनी से बीजेपी विधायक नंदकिशोर गुर्जर को जान से मारने की धमकी मिली है. उन्हें व्हाट्सएप कॉल पर धमकी मिली है, जिसमें कहा गया कि विधायक को किसी सभा में बम से उड़ा देंगे. साथ ही कॉल करने वाले ने सलीम वास्तिक केस में पुलिस एनकाउंटर में मारे गए आरोपियों को शहीद बताया है.

लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर (फाइल फोटो)

गाजियाबाद के लोनी से बीजेपी विधायक नंदकिशोर गुर्जर को जान से मारने की धमकी मिली है. यह धमकी लोनी में यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हमले के आरोपियों के एनकाउंटर के प्रतिशोध में दी गई है. कॉल करने वाले ने सलीम वास्तिक केस में पुलिस एनकाउंटर में ढेर आरोपियों को शहीद बताते हुए, विधायक को किसी सभा में बम से उड़ाने की धमकी दी है.

बीजेपी विधायक को पाकिस्तान के पेशावर से व्हाट्सएप कॉल के जरिए धमकी मिली है. साथ ही धमकी देने वाले ने दिल्ली में हुई कार्रवाई का भी जिक्र किया. यह भी कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को भी नहीं छोड़ेंगे. विधायक नंदकिशोर गुर्जर का कहना है कि वे इस पूरे मामले को लेकर पुलिस कमिश्नर को पत्र लिख रहे हैं.

सलीम के हमलावर दो सगे भाइयों का हुआ था एनकाउंटर

बताया जा रहा है कि कॉल करने वाले शख्स ने कहा कि सलीम वास्तिक पर हमला करने वाले आरोपियों को शहीद कर दिया गया है और अब विधायक को किसी सभा में बम से उड़ाने की धमकी दी. दरअसल कुछ दिन पहले गाजियाबाद के लोनी इलाके में यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर जानलेवा हमला हुआ था. बाद में इसमें शामिल दोनों आरोपी मारे गए थे.

पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान हमले के आरोपी दो सगे भाइयों जीशान और गुलफाम को ढेर कर दिया था. यूपी पुलिस ने 01 मार्च को जीशान और 03 मार्च को गुलफाम को एनकाउंटर में मार गिराया था. हमले के बाद दोनों के ऊपर एक-एक लाख का इनाम घोषित था. इसी एनकाउंटर के बाद अब लोनी विधायक को जान से धमकी मिलने का मामला सामने आया है.

लोनी से लगातार दो बार के हैं बीजेपी विधायक

विधायक नंदकिशोर गुर्जर का कहना है कि वे इस पूरे मामले को लेकर गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर को पत्र लिख रहे हैं, ताकि इस मामले में कड़ाई से कार्यवाही हो. नंदकिशोर गुर्जर, लोनी विधानसभा सीट से बीजेपी के विधायक हैं. उन्होंने लगातार 2017 और 2022 के चुनावों में इस सीट पर जीत दर्ज की है. वह अक्सर कट्टरपंथ के मुद्दे पर खुलकर बात करते हैं.