IPL सट्टे में लाखों गंवाने के बाद आत्महत्या, लखनऊ में प्रॉपर्टी डीलर ने 11वीं मंजिल से लगाई छलांग
लखनऊ में एक प्रॉपर्टी डीलर ने IPL सट्टे में लाखों हारने के बाद अपनी जान दे दी. उसने अपार्टमेंट की 11वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली. सुसाइड नोट में उसने अपनी हार और माफी का जिक्र किया. साथ ही आत्महत्या से पहले अपनी पत्नी को फोन किया, इसमें उसने रोते हुए कहा, 'मैं बहुत कुछ हार गया हूं.'
IPL मैचों के दौरान युवाओं में सेशन बेटिंग की लत ज़्यादा दिखती है. इसका खामियाजा उन्हें भारी नुकसान उठाने के साथ जान देकर चुकाना पड़ रहा है. लखनऊ से एक ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवा प्रॉपर्टी डीलर ने IPL सट्टे में लाखों गंवाने के बाद अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. उसने 11वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली है.
जानकारी के मुताबिक, 32 वर्षीय प्रबल जैन मूल रूप से सीतापुर के महमूदाबाद का रहने वाला था और गुडंबा थाना क्षेत्र के जनेश्वर अपार्टमेंट में किराए पर रहता था. उसने गुरुवार रात करीब 8:30 बजे अपार्टमेंट की 11वीं मंजिल से छलांग लगा दी. घटना के समय RCB-GT के बीच मैच चल रहा था, जिसमें प्रबल ने सट्टेबाजी की और लाखों रुपये गंवा दिए.
महज आठ महीने पहले की थी लव मैरिज
प्रबल की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है, उसने महज आठ महीने पहले झारखंड के बोकारो की रहने वाली शिवानी से लव मैरिज की थी. दोनों की मुलाकात इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के दौरान हुई थी. हादसे के समय शिवानी सीतापुर में थी और दोनों के बीच फोन पर बात हो रही थी. उसने शिवानी को फोन पर रोते हुए कहा, ‘मैं बहुत कुछ हार गया हूं.’
पत्नी ने समझाने की कोशिश की, लेकिन प्रबल कुछ और नहीं बोल पाए और फोन कट गया. कुछ ही देर बाद बालकनी से छलांग लगा दी. नीचे गिरने की आवाज सुनकर सोसाइटी के लोग दौड़कर पहुंचे. उस समय कई लोग सोसाइटी में घूम रहे थे. भीड़ जमा हो गई और चीख-पुकार मच गई. लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को फोन किया और पुलिस को सूचना दी.
सुसाइड नोट में सट्टे से नुकसान होने का जिक्र
पुलिस ने प्रबल को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. वहीं, पुलिस को मौके से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें प्रबल ने IPL मैच में सट्टेबाजी से भारी नुकसान होने और कर्ज के बोझ की बात लिखी है. दुख की बात है कि प्रबल के पिता ने कुछ समय पहले आत्महत्या कर ली थी, जबकि मां का पहले ही निधन हो चुका था.
एसीपी गाजीपुर अनिंद्य विक्रम सिंह ने बताया कि बैंक स्टेटमेंट, परिवार की शिकायत और अन्य सबूतों के आधार पर जांच की जाएगी. पत्नी शिवानी ने पूछताछ में बताया कि प्रबल हमेशा IPL मैच देखते और सट्टा लगाते थे. वह सेशन बेटिंग में काफी सक्रिय थे और इस बार भारी नुकसान हुआ था. फिलहाल, पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी है.
