हैवान बना टीचर! होमवर्क में था मिस्टेक, गुस्से में मासूम पर बरपाया कहर; शरीर पर छप गए डंडे के 105 निशान

उत्तर प्रदेश के गोंडा में एक शिक्षक ने होमवर्क पूरा न करने पर दूसरी कक्षा के मासूम छात्र को बेरहमी से पीटा. छात्र के शरीर पर 105 डंडों के निशान मिले हैं. टीचर की इस बर्बरता से बच्चा बेसुध हो गया. परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक प्रखर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. इस घटना ने स्कूल प्रबंधन की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं.

स्कूल में बच्चे की पिटाई

उत्तर प्रदेश का जिला गोंडा इस समय सुर्खियों में है. इस बार यहां एक टीचर ने बच्चे के साथ ऐसी हैवानियत की है, जिसे सुनकर ही रोंग्टे खड़े हो जाएं. इस टीचर ने मामूली सी गलती पर दूसरी कक्षा के छात्र के शरीर पर 105 डंडे बजाए हैं. आरोपी टीचर की इस हरकत की वजह से बच्चा बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ा. सूचना मिलने पर स्कूल पहुंचे बच्चे के परिजनों ने आरोपी टीचर के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी है. पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है.

मामला गोंडा में गुमदहा स्थित एमआरजी पब्लिक स्कूल में गुरुवार की सुबह का है. पुलिस के मुताबिक इस स्कूल में गुमदहा के ही रहने वाले राज प्रसाद का बेटा अभिषेक गोस्वामी कक्षा 2 में पढ़ता है. अभिषेक रोज की तरह गुरुवार को भी पढ़ने के लिए स्कूल आया था. इस दौरान टीचर ने उसका होमवर्क चेक किया तो पता चला कि काम पूरा नहीं हुआ है. जो काम हुआ भी है तो उसमें कई गलतियां हैं. इतनी सी बात पर टीचर भड़क गया. गुस्से में उसने छड़ी उठाई और बच्चे के ऊपर ताबड़तोड़ बरसाने लगा.

शरीर पर मिले 105 निशान

टीचर की इस बर्बरता का निशान बच्चे के शरीर पर छप गया और वह बेसुध होकर जमीन पर गिर गया. खबर मिलने पर स्कूल पहुंचे परिजन बच्चे की हालत देखकर घबरा गए. आनन फानन में उसे अस्पताल में दाखिल कराया और घटना की जानकारी पुलिस को दी.इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी टीचर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी टीच की पहचान प्रखर सिंह के रूप में हुई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

स्कूल प्रबंधन ने नहीं लिया एक्शन

बच्चे के परिजनों के मुताबिक घटना की सूचना पर वह तुरंत स्कूल पहुंचे और बच्चे की हालत को देखने के बाद पहले स्कूल प्रबंधन को शिकायत दी. लेकिन उनकी शिकायत के बाद भी प्रिंसिपल ने कोई एक्शन नहीं लिया. आखिर में उन्होंने पुलिस को सूचना दी. इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए स्कूल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी है. इधर, बच्चे के शरीर पर छपे चोट के निशान की तस्वीरें सोशल मीडिया में वायरल हो रहीं हैं. इसे देखकर हर कोई हैरान है.

Follow Us