ग्रेटर नोएडा में दंपति ने तीन बच्चों संग खाया जहर, पति-पत्नी की मौत; बच्चे अस्पताल में भर्ती
ग्रेटर नोएडा में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां पति-पत्नी ने तीन बच्चों के सामने जहर खाकर आत्महत्या कर ली. दंपति की मौके पर ही मौत हो गई है जबकि जहर के संपर्क में आने से तीनों बच्चे भी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ग्रेटर नोएडा में एक दर्दनाक घटना सामने आई है. थाना इकोटेक-3 इलाके के सदुल्लापुर में पति-पत्नी ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली. जहर की चपेट में आने से तीनों बच्चे भी बेहोश हो गए, जिन्हें गंभीर हालात में इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया गया है. पड़ोसियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.
जानकारी के अनुसार, मृतक परिवार प्रयागराज का रहना वाला था. पति श्रवण कुमार नोएडा सेक्टर 63 में प्राइवेट कंपनी में जॉब करता था और पिछले 8-10 सालों से सादुल्लापुर गांव में मकान बनाकर अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रह रहे थे. रात सभी खाना खाकर सोए थे लेकिन जब सुबह नहीं उठे तो आसपास के लोगों को हलचल न होने पर शक हुआ.
कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ
पड़ोसियों ने श्रवण के घर जा देखा तो पति-पत्नी बेड पर लेटे हुए थे और उनके मुंह से जहर निकल रहा था. वहीं पास में बच्चे भी बेहोश हालत में मिले. इसके बाद इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. साथ ही तीनों बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से तीनों को दिल्ली रेफर कर दिया गया.
फिलहाल, तीनों बच्चे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कमरे से किसी भी तरह का कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. आशंका जताई जा रही है कि पारिवारिक क्लेश या आर्थिक तंगी आत्महत्या की वजह हो सकती है. पुलिस हर एंगल पर जांच कर रही है. साथ ही आस-पड़ोस के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.
बच्चे भी जहर के संपर्क में आ गए थे- पुलिस
थाना प्रभारी ईकोटेक थर्ड ने बताया कि इस घटना में दंपति के तीन बच्चे भी जहर के संपर्क में आ गए थे. बच्चों की पहचान वैष्णवी, वैभव और लाडो के रूप में हुई है. बेहोशी की हालत में बच्चों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टर के अनुसार बच्चों की स्थिति खतरे से बाहर है. वही उनके परिजनों को भी इसकी सूचना दे दी गई है.
