अब ग्रेटर नोएडा में बिल्डर पर कसा शिकंजा, बेसमेंट के लिए खोदा गड्ढा खुला छोड़ा था; 2 पर FIR

नोएडा हादसे के बाद प्रशासन सड़क के पास गड्ढे को लेकर सख्त है. इस बीच ग्रेटर नोएडा में 'स्टार सिटी' बिल्डर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. बिल्डर ने बेसमेंट निर्माण के लिए गहरा गड्ढा खोदा, जो कई महीनों से खुला छोड़ा हुआ था. पुलिस ने दो अधिकारियों पर केस दर्ज किया है.

बेसमेंट गड्ढे पर स्टार सिटी बिल्डर पर शिकंजा

नोएडा के सेक्टर 150 में इंजीनियर युवराज मेहता की मौत के बाद से प्रशासन अवैध खोदे गए गड्ढे को लेकर सतर्क है. इस बीच ग्रेटर नोएडा में बिल्डर की साइट पर बेसमेंट निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे पर एक्शन हुआ है. यह गड्ढे कई दिनों से खुला छोड़ा हुआ था, इसमें पानी और कूड़े भर गए हैं. अब मामले में पुलिस ने बिल्डर के दो अधिकारियों पर केस दर्ज किया है.

एसीपी-3 सार्थक सेंगर ने बताया कि सेक्टर 28 D क्षेत्र में स्टार सिटी बिल्डर की एक परियोजना चल रही है. यहां बेसमनेट में निर्माण कार्य के लिए भारी मशीनों से एक बड़ा और गहरा गड्ढा खोदा गया था. यह गड्ढा सार्वजनिक सड़क के बिल्कुल पास में मौजूद था और कई महीनो से इसमें पानी भरा हुआ था. जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था.

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस, छापेमारी जारी

जांच में सामने आया कि ना तो बिल्डर के द्वारा वहां पर कोई सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और ना ही किसी भी तरह का चेतावनी बोर्ड लगाया गया था. इसके बाद पुलिस ने स्टार बिल्डर की दो अधिकारी पुष्कर जीएम स्टार बिल्डर और प्रोजेक्ट हेड प्रीतम सिंह के खिलाफ जल संरक्षण पर्यावरण संरक्षण के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है.

इनकी धर पकड़ के लिए पुलिस अब उनकी तलाश कर रही है. नोएडा के सेक्टर 150 में हुई हादसे के बाद सभी अधिकारी सचेत हो गए हैं. प्रशासन प्राधिकरण के निर्देश पर अब उन जगहों को चिन्हित किया जा रहा है जहां बिल्डर ने काफी सालों से निर्माण कार्य को रोक दिया है और वहां पर गहरे गहरे गड्ढे हो रखे हैं जिनसे खतरा पैदा होने का अंदेशा है.

किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा

एसीपी-3 सार्थक सेंगर ने बताया कि इसी क्रम में उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. साथ ही पुलिस अधिकारियों का इस पूरे मामले में कहना है कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा में किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. लापरवाह बिल्डरों के खिलाफ ठोस और कड़ी कानूनी कार्रवाई पुलिस द्वारा की जाएगी.

Follow Us