रिजल्ट लेने आई थी छात्रा, चैंबर में बुलाकर प्रिंसिपल करने लगा घिनौनी हरकत; फिर जो हुआ…
हापुड़ में एक निजी स्कूल के प्रिंसिपल ने रिजल्ट लेने आई 7वीं की छात्रा से छेड़छाड़ की. विरोध करने पर प्रिंसिपल ने परिजनों से भी गाली-गलौज की. पीड़िता की शिकायत पर हापुड़ पुलिस ने आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है, लेकिन वह फरार है. इस घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है.
उत्तर प्रदेश के हापुड़ में गुरु शिष्य परंपरा को तार-तार करने वाली घटना हुई है. यहां एक निजी स्कूल में रिजल्ट लेने आई सातवीं की छात्रा के साथ प्रिंसिपल ने घिनौनी हरकत की. पीड़िता की शिकायत पर परिजनों ने विरोध किया तो आरोपी ने उनके साथ भी गाली गलौज की. परिजनों की शिकायत पर हापुड़ के हाफिजपुर थाना पुलिस ने आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मामला हाफिजपुर थाना क्षेत्र के ही एक गांव में संचालित निजी स्कूल का है. जानकारी के मुताबिक इस स्कूल में 7वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा शनिवार को रिजल्ट लेने पहुंची थी. उसे देखकर प्रिंसिपल ने उसे अपने कमरे में बुला लिया और रिजल्ट वहीं पर देने की बात कहते हुए उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा. पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपी ने 13 साल की इस छात्रा के कपड़े उतारने की कोशिश की.
कपड़े उतारने की भी कोशिश
जैसे तैसे पीड़िता आरोपी के चंगुल से छूटकर भागी और घर आकर परिजनों को बताया. इसके बाद परिजन ने स्कूल पहुंचकर घटना पर आपत्ति जताई तो प्रिंसिपल ने उनके साथ भी गाली गलौज की और जाति सूचक शब्दों का प्रयोग किया. इसके बाद छात्रा के पिता ने थाने पहुंचकर आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ लिखित तहरीर दी है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है.
फरार हो गया आरोपी
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्कूल में जांच पड़ताल की. हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गया था. हाफिजपुर थाना प्रभारी प्रवीन कुमार के मुताबिक आरोपी के खिलाफ नामजद मामला किया गया है. अब उसकी तलाश कराई जा रही है. फिलहाल आरोपी फरार है. उधर, इस घटना के बाद ग्रामीणों में काफी आक्रोश है. ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे लोग समाज में होने ही नहीं चाहिए.
