अगवा कर ‘विषकन्या’ संग खींची अश्लील फोटो, फिर भी नहीं माना तो घोंट दिया गला; दिल दहला देगी वारदात
उत्तर प्रदेश के जालौन में शिक्षक राघवेंद्र की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. कर्ज चुकाने से बचने के लिए टीचर के फुफेरे भाई कुलदीप ने साथियों संग मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया. आरोपियों ने पहले राघवेंद्र पर दबाव बनाने के लिए 'विषकन्या' संग अश्लील तस्वीरें खींची, लेकिन इससे भी काम नहीं बना तो गला घोंट दिया था.
उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के नदीगांव थाना क्षेत्र में परासनी गांव के टीचर राघवेंद्र की अपहरण का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने मुख्य आरोपी कृष्णपाल उर्फ कुलदीप, उसकी महिला मित्र समेत छह आरोपियों को अरेस्ट किया है. जरूरी पूछताछ के बाद इन सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है. आरोपियों ने टीचर राघवेंद्र की हत्या के बाद शव को मध्य प्रदेश के दतिया जिले में फेंक दिया था. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कार, स्कूटी, देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस, डाटा केबल और एक मफलर बरामद किया है.
वारदात का खुलासा करते हुए जालौन के एसपी डॉक्टर दुर्गेश कुमार ने बताया कि 14 फरवरी को मृतक की मां रामवती ने नदीगांव थाने में तहरीर दी दी थी इसमें उन्होंने आठ लोगों पर अपने पुत्र राघवेंद्र के अपहरण करने और बाद में उसकी हत्या का आरोप लगाया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने एसओजी, सर्विलांस और नदीगांव थाना पुलिस की संयुक्त टीमें बनाई. इन टीमों ने कॉल डिटेल, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और अन्य भौतिक प्रमाणों के आधार पर मामले की जांच करते हुए 72 घंटे के अंदर वारदात का खुलासा कर दिया है.
सामने आया लेन-देन का मामला
पुलिस के मुताबिक आरोपियों की पहचान कृष्णपाल उर्फ कुलदीप निवासी झांसी, रिंकू, नीशू वर्मा, राजकुमार, अभि उर्फ निगम वर्मा तथा सोनिया उर्फ कुटकुट के रूप में हुई है. पुलिस की पूछताछ में मुख्य आरोपी कुलदीप ने बताया कि वह जुआ और शराब का आदी है. उसने कई लोगों से कर्ज भी लिया है. इसी क्रम में उसने ममेरे भाई राघवेंद्र से भी रुपये उधार लिए थे. राघवेंद्र उधार में दिया हुआ पैसा वापस मांग रहा था. ऐसे में पैसे देने से बचने के लिए उसने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है.
ऐसे दी वारदात को अंजाम
आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि 10 फरवरी को उन लोगों ने बहाने से राघवेंद्र को बुलाया और कार में बैठाकर अगवा कर लिया. इसके बाद आरोपी कार को मध्य प्रदेश के दतिया ले गए, जहां जंगल में उसके साथ एक महिला के साथ अश्लील तस्वीरें खींच लीं. फिर उसे ब्लैकमेल करने का प्रयास किया. इसके बाद भी राघवेंद्र ने पैसों की मांग नहीं छोड़ी ने आरोपियों ने डाटा केबल व मफलर से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी शव को सेवढ़ा रोड पर झाड़ियों में फेंक दिया.
