पहले बेटी और अब बेटा… सचिन के घर फिर गूंजी किलकारी, सीमा हैदर ने दिया छठें बच्चे को जन्म

ग्रेटर नोएडा में सचिन मीणा के साथ रह रही सीमा हैदर ने अपने छठे बच्चे को जनम दिया है. यह बच्चा एक बेटा है. यह सचिन मीणा की दूसरी संतान है. प्रसव के बाद मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं. इसी के साथ सीमा हैदर अब छह बच्चों की मां बन चुकी है. इनमें से चार बच्चे उसके पहले पति से हैं.

छठें बच्चे की मां बनी सीमा हैदर

पाकिस्तान से आकर भारतीय पति सचिन मीणा के साथ ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा में रह रही सीमा हैदर ने अपने छठें और सचिन मीणा के दूसरे बच्चे को जन्म दिया है. मंगलवार को प्रसव पीड़ा होने पर उसे ग्रेटर नोएडा की एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां उसने एक बेटे को जन्म दिया है. डिलीवरी के बाद जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं. बेटे के जन्म पर सचिन मीणा के घर में जश्न का माहौल है. परिजनों ने पास पड़ोस में मिठाई बांट कर अपनी खुशी का इजहार किया है.

भारत आने और यहां सचिन मीणा से शादी के बाद सीमा हैदर ने पिछले साल 18 मार्च 2025 को एक बेटी को जन्म दिया था. फिर करीब 11 महीने बाद उसके घर बेटा पैदा हुआ है. इसी के साथ सचिन मीणा जहां दो बच्चों का बाप बन गया है, वहीं सीमा हैदर छह बच्चों की मां बनी है. उसके चार बच्चे पाकिस्तानी पति गुलाम हैदर से हैं, जिन्हें वह अपने साथ लेकर अवैध तरीके से भारत आ गई थी. यह सभी बच्चे अभी भी उसके साथ सचिन मीणा के घर में रह रहे हैं.

अवैध तरीके से भारत आई सीमा हैदर

सीमा हैदर करीब ढाई साल पहले अवैध तरीके से देश की सीमा लांघकर भारत आई थी. अपने साथ वह पहले पति से पैदा हुए चार बच्चों को भी लेकर आई और यहां सचिन मीणा के साथ शादी कर उसके साथ उसके घर में रह रही है. भारत आने से पहले कोरोना काल में सीमा हैदर पबजी खेलती थी और इसी खेल के दौरान वह सचिन मीणा के संपर्क में आई. ऑनलाइन ही दोनों का प्यार हुआ और फिर एक दिन नेपाल के रास्ते अवैध तरीके से वह भारत आ गई.

सोशल मीडिया पर सक्रिय है सीमा हैदर

भारत आने के बाद से ही सीमा हैदर लगातार सुर्खियों में है. एक तरफ उसके अवैध तरीके से भारत आने और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा भारत के प्रधानमंत्री का सपोर्ट करने की वजह से वह चर्चा में रही है, तो दूसरी ओर उसके भारत आने के मामले की जांच देश की एजेंसियां कर रही हैं. यह मामला फिलहाल कोर्ट में लंबित है. इसके बाद से वह सचिन के घर में रहते हुए सोशल मीडिया में लगातार एक्टिव है.

यूट्यूब और इंस्टा पर हैं लाखों सब्सक्राइबर

सीमा हैदर अक्सर वीडियो बनाकर यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर अपलोड करती है. इन दोनों ही प्लेटफार्म पर उसके लाखों की तादात में सब्सक्राइबर हैं. इसकी वजह से उसके हरेक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो जाते हैं. यह वजह है कि परंपरागत मीडिया में भी उसे खूब स्थान मिलता रहा है. हाल ही में सीमा हैदर ने सोशल मीडिया से हुई कमाई के दम पर अपन घर भी बनाया है.