तुम बिना टिकट हो…. दिखाया कार्रवाई का डर, फिर चलती ट्रेन में TTE ने लड़की संग की दरिंदगी; मचा हड़कंप
गोरखपुर एक्सप्रेसवे में एक टीटीई ने बिना टिकट यात्रा कर रही लड़की के साथ दरिंदगी की. मऊ से गोरखपुर जा रही लड़की को टीटीई ने कार्रवाई का डर दिखाकर एसी केबिन में ले जाकर दुष्कर्म किया. पीड़िता ने गोरखपुर जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई है. इसके बाद आरोपी टीटीई को निलंबित कर दिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है.
अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेसवे में तैनात एक टीटीई ने ट्रेन में बिना टिकट चढ़ी एक लड़की के साथ दरिंदगी की है. मऊ स्टेशन से ट्रेन में चढ़ी इस लड़की को गोरखपुर जाना था, लेकिन आरोपी टीटीई ने बीच में इसे बिना टिकट पकड़ लिया और कार्रवाई का डर दिखाकर एसी केबिन में ले जाकर इस वारदात को अंजाम दिया है. गोरखपुर स्टेशन पहुंचने के बाद पीड़िता ने जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई है.
पीड़िता ने जीआरपी को दिए शिकायत में बताया है कि वह परीक्षा देने के लिए मऊ गई थी. वहां से वापसी के दौरान ट्रेन में काफी भीड़ थी. ऐसे में वह जल्दबाजी में AC कोच में चढ़ गई. पीड़िता ने बताया कि स्टेशन पर भी भीड़ ज्यादा होने और ट्रेन के प्लेटफार्म पर आ जाने की वजह से वह टिकट नहीं ले पायी थी. पकड़े जाने पर उसने टीटीई से टिकट बनाने का आग्रह भी किया, लेकिन टीटीई ने पहले उसे कार्रवाई का डर दिखाया और फिर उसे सीट दिलाने के बहाने केबिन में ले गया. जहां आरोपी ने उसके साथ दरिंदगी को अंजाम दिया.
जेल भिजवाने की दी धमकी
पीड़िता के मुताबिक वारदात के बाद आरोपी ने किसी को नहीं बताने की धमकी दी. चेतावनी दी कि यदि वह किसी से घटना के संबंध में बताती है तो उसके खिलाफ बाद में कार्रवाई हो सकती है. हालांकि आरोपी के चंगुल से छूटने के बाद लड़की ने डॉयल 112 पर फोन कर सूचना दर्ज करा दिया. इसके बाद गोरखपुर पहुंचने पर उसने जीआरपी थाने में आरोपी टीटीई के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
टीटीई पर हुई ये कार्रवाई
मामले की जानकारी मिलने पर रेलवे ने आरोपी टीटीई को सस्पेंड कर दिया है. वहीं आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जीआरपी ने दबिश तेज कर दी है. जीआरपी के मुताबिक आरोपी के हर संभावित ठिकाने पर दबिश दी जा रही है. गिरफ्तारी नहीं होने पर आरोपी के खिलाफ इनाम घोषित किया जाएगा. आरोपी मूल रूप से बिहार का रहने वाला है.
