एक भाई को गोली मारी, दूसरे का पैर तोड़ा; BJP नेता के छलके आसूं… बोले- SP को भी नहीं सुना पाए दर्द
उत्तर प्रदेश के जौनपुर में BJP नेता पिंटू सोनकर के भाइयों पर दबंगों ने जानलेवा हमला किया. एक को गोली मार दी तो, दूसरे का पैर तोड़ा. पुलिस ने FIR दर्ज की पर अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है. इस घटना के विरोध में सोनकर ने अपनी ही पार्टी की सरकार में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए. आरोप लगाया कि उन्हें SP तक से मिलने से रोक दिया गया.
उत्तर प्रदेश के जौनपुर में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां एक बीजेपी नेता ने अपनी ही पार्टी की सरकार में कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा दिया है. आरोप लगाया कि दबंगों ने उनके भाई के पैर में गोली मार दी तो दूसरे भाई का पीट-पीटकर पैर तोड़ दिया. वह अपनी शिकायत लेकर एसपी के पास गए तो सीओ ने उन्हें मिलने से रोक दिया. इतने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज बीजेपी नेता और उनके परिजनों ने पुलिस कार्यालय पर जमकर हंगामा किया.
मामला जौनपुर में सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के खानपुर अकबर का है. यहां रहने वाले पीड़ित BJP नेता पिंटू सोनकर ने बताया कि वह पार्टी में बूथ महामंत्री हैं. अपने भाइयों पर हुए हमले को लेकर उन्होंने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए. सोमवार को अपने पीड़ित भाइयों को ऑटो में लादकर DM-SP ऑफिस पहुंचे सोनकर ने अपने समाज के लोगों के साथ जमकर हंगामा किया. बताया कि 8 फरवरी को उनकी बहन की शादी थी. उस दिन उनके दोनों भाई दीपक सोनकर और पंकज सोनकर किसी काम से जा रहे थे. रास्ते में आरोपी बीरू विश्वकर्मा, शिवान सिंह और आनंद सिंह ने इन्हें रोक लिया और जानेवाला हमला करते हुए बुरी तरह से मारपीट की.
एक भाई के पैर में मारी गोली
बीजेपी नेता ने बताया कि इस दौरान दबंगों ने उनके भाई पंकज के पैरों पर डंडे मारकर फ्रैक्चर कर दिया. वहीं दूसरे भाई दीपक के पैर में गोली मार दी. सूचना मिलने पर उन्होंने गंभीर हालत में दोनों को अस्पताल पहुंचाया. इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा तो दर्ज कर लिया, लेकिन अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. इधर, आरोपी गातार उन्हें और उनके परिवार के लोगों को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं.
SP से नहीं मिलने दिए CO
सोमवार को अपने दोनों भाइयों को ऑटो से लादकर कलेक्ट्रेट स्थित डीएम एसपी ऑफिस पहुंचे BJP नेता ने हंगामा करते हुए एसपी से मिलने की कोशिश की. आरोप है कि इस दौरान सीओ सदर देवेश कुमार सिंह ने उन्हें रोक दिया. इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है. इसमें सीओ पीड़ित परिवार को समझाते नजर आ रहे हैं. इस घटना को लेकर बीजेपी नेता अपनी ही पार्टी की सरकार में बेवश नजर आए. उन्होंने बताया कि इस संबंध में मदद के लिए सदर विधायक और खेलमंत्री गिरीश चंद्र यादव को कई बार फोन करके मदद मांगी, लेकिन कोई भी उनकी खोज खबर लेने नहीं पहुंचा.
