तीन बच्चों की मां को हुआ इश्क, 4 बच्चों के बाप संग हो गई फरार; पति पहुंचा थाने
उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां तीन बच्चों की मां अपने दो बच्चों संग चार बच्चों के पिता के साथ फरार हो गई है. महिला के पति ने बेवाना थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उसने आरोपी जितेंद्र पर अवैध संबंध का आरोप लगाया है. पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां एक तीन बच्चों की मां पास के ही गांव में रहने वाले एक चार बच्चों के बाप संग फरार हो गई है. वह अपने साथ दो बच्चों को भी ले गई है. घटना अंबेडकर नगर में रामपुर सकरवारी गांव का है. जानकारी होने पर इस महिला के पति ने पहले तो उसकी खूब तलाश कराई, जब कहीं से कोई खबर नहीं मिली तो पुलिस में शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है. घटना के बाद से ही पूरा परिवार सदमे में है.
शिकायत लेकर थाने पहुंचे महिला के पति संजय ने पुलिस को बताया कि मालीपुर गांव के रहने वाले जितेंद्र का उनके घर पर आना जाना था. घर निर्माण के दौरान ही उसकी पहचान परिवार से हुई थी. धीरे धीरे आरोपी जितेंद्र और उसकी पत्नी के बीच नजदीकियां बढ़ गईं और दोनों एक दूसरे से फोन पर बात करने लगे थे. संजय का आरोप है कि एक तारीख को किसी बात को लेकर उसके घर में पत्नी के साथ विवाद हुआ था.
झगड़े के बाद निकली पत्नी
इस झगड़े के बाद उसकी पत्नी घर से निकल गई और अब तक वापस नहीं लौटी है. वह अपने साथ दो बच्चों को भी ले गई है, जबकि तीसरा बच्चा उनके घर पर है. उसी दिन जितेंद्र भी अपने घर से गायब है. संजय के मुताबिक हर संभावित स्थान पर उसने दोनों की तलाश कराई है, लेकिन अब तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिला है. संजय ने बताया कि कई दिनों तक अपने स्तर पर खोजबीन करने के बाद भी जब पत्नी और दो बच्चों का पता नहीं चला तो उसने 3 तारीख को बेवाना थाने में शिकायत दी है.
तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक पीड़ित की शिकायत दर्ज करते हुए उसकी पत्नी और बच्चों की तलाश शुरू कर दी गई है. थाना प्रभारी के मुताबिक इस मामले में पीड़ित के पत्नी और बच्चों की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है. उनकी तलाश में हर संभावित ठिकाने पर दबिश भी दी जा रही है. जल्द ही उन्हें बरामद कर लिया जाएगा.
रिपोर्ट: अमित मौर्या, अंबेडकर नगर
