लखनऊ: बर्थडे पार्टी में हर्ष फायरिंग से मौत, 13 साल के बच्चे के सिर में लगी गोली; 3 नाबालिग हिरासत में

लखनऊ में एक बर्थडे पार्टी के दौरान एक्सीडेंटल फायरिंग का मामला सामने आया है. गोली 13 साल के बच्चे के सिर में जा लगी, जिससे उसकी मौत हो गई है. पार्टी में तीन और बच्चे मौजूद थे. पुलिस ने तीनों नाबालिग को हिरासत में लिया है. सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.

बर्थडे पार्टी में हर्ष फायरिंग, एक बच्चे की मौत Image Credit:

लखनऊ के कृष्णानगर थाना क्षेत्र में सातवीं कक्षा के एक छात्र की गोली लगने से मौत हो गई. घटना उस समय हुई, जब छात्र दोस्तों के साथ बर्थडे पार्टी मनाने गया था. पार्टी में मौजूद तीनों नाबालिक लड़के पुलिस के हिरासत में हैं. पूछताछ चल रही है. मृतक छात्र के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है. घर पर लगे सीसीटीवी फुटेज भी चेक किया जा रहे हैं.

मृतक के पिता जमीर खान, सरोजिनी नगर के रहने वाले हैं, वह बिजली की दुकान चलाते हैं. उन्होंने बताया कि उनके बेटे उनैज़ को उसके दोस्त बर्थडे पार्टी की बात कहकर घर से अपने साथ ले गए थे. पीड़ित पिता का आरोप है कि उनके बेटे के सिर में गोली मारी गई है. उन्होंने बताया कि संजवी त्रिपाठी है, उनका कोई भतीजा है उसके यहां पर बर्थडे पार्टी मनाने गया था.

खेल-खेल में एक्सीडेंटल फायर, सिर में लगी गोली

डीसीपी निपुण अग्रवाल ने बताया कि सोमवार देर शाम लगभग 18:40 बजे एलडीए कॉलोनी में एक जन्मदिन पार्टी के दौरान एक्सीडेन्टल फायरिंग की सूचना मिली थी. 13 वर्षीय लड़का अपने 3 दोस्तों के साथ जन्मदिन की पार्टी में गया था. इसी दौरान खेल-खेल में एक्सीडेंटल फायर में उसकी मौत हो गई. परिजनों उसे अस्पताल ले गए, जहां मृत घोषित कर दिया गया.

उन्होंने बताया कि मृतक के शव को पंचायतनामा की कार्यवाही के बाद पोस्टमार्टम के लिए लोकबंधु अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षित रखा गया है. परिजन उपस्थित हैं. पार्टी में मौजूद अन्य तीनों बच्चों को हिरासत में लिया गया है. तीनों बच्चों से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है. साथ ही घर पर लगे सीसीटीवी फुटेज भी चेक किया जा रहे हैं.

थाने में मुकदमा दर्ज, पिस्टल को कब्जे में लिया गया

पुलिस अधिकारी ने बताया कि परिजनों द्वारा दी गई नामजद तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है. फील्ड यूनिट द्वारा साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की गई है. फायरिंग किए गए पिस्टल को कब्जे में लिया गया है. पिस्टल के बारे में जानकारी ली जा रही है, संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ जारी है. मौके पर शांति और कानून-व्यवस्था की स्थिति कायम है.