जीजा के प्यार में अंधी साली का दर्दनाक अंत, जेवरात लेकर पहुंची निकाह को, उतारा दिया मौत के घाट

मुरादाबाद में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा हुआ है, जहां जीजा ने शादी के दबाव के चलते अपनी साली की गला घोंटकर हत्या कर दी. साली निकाह के लिए जेवरात लेकर जीजा से मिलने आई थी. शव जंगल में सूखे कुएं में मिला था. पुलिस ने जीजा समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

निकाह के दबाव में मर्डर Image Credit:

मुरादाबाद के थाना मैनाठेर इलाके में हुए ‘ब्लाइंड मर्डर’ का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने मृतका के सगे जीजा समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. साली निकाह का दवाब बना रही थी, जीजा ने अवैध संबंध उजागर होने के कारण दुपट्टे से गला दबा कर हत्या कर दी. फिर शव को जंगल में एक 15 फीट गहरे सूखे कुएं में फेंक दिया था.

28 फरवरी को ग्राम बघी गोवर्धनपुर के जंगल में सूखे कुएं में युवती का शव मिला था. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीमों का गठन कर शिनाख्त के प्रयास शुरू किए, जिसके बाद मृतका की पहचान शाबरीन उर्फ समरीन (21 वर्ष), निवासी ग्राम कमालपुर काफरपुर, जनपद संभल के रूप में हुई थी. आरोपी जीजा ने पूछताछ में जुल्म कबूल लिया है.

निकाह नहीं करने पर दे रही थी फंसाने की धमकी

मृतका के पिता बाबू खां ने 1 मार्च को थाना मैनाठेर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया था. पुलिस ने छानबीन के बाद आरोपी जीजा हासिम, अजीम और आदिल को मामले में गिरफ्तार किया. हासिम ने पुलिस के सामने कबूल किया कि उसके अपनी सगी साली शाबरीन के साथ लंबे समय से अवैध संबंध थे, शाबरीन उस पर निकाह के लिए दबाव बना रही थी.

उसने बताया कि मना करने पर खुदकुशी कर उसे फंसाने की धमकी दे रही थी, इसी मानसिक तनाव और लोक-लाज के डर से पीछा छुड़ाने के लिए हासिम ने अपने दो दोस्तों, अजीम बाबा और आदिल के साथ मिलकर हत्या की खौफनाक साजिश रची थी. पुलिस ने हत्या की घटना में मुख्य आरोपी हासिम सहित तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है.

आरोपी जीजा ने बताया कैसे दिया वारदात को अंजाम

हासिम ने बताया कि उसने 26/27 फरवरी की रात शाबरीन को मिलने के बहाने बुलाया और उसे अपने साथ घर से जेवरात लाने को कहा था, जब शाबरीन जेवरात लेकर पहुंची, तो उसे नहर की पटरी की ओर ले गया था. वहां विवाद होने पर हासिम ने दुपट्टे से गला घोंटकर शाबरीन की बेरहमी से हत्या कर दी. फिर शव को सुनसान जंगल के सूखे कुएं में फेंक दिया था.

साथ ही मृतका के मोबाइल व गहनों को अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिया था, ताकि मृतका की कोई भी पहचान ना हो सके. हत्या आरोपियों की निशानदेही पर मृतका के कपड़े, जेवरात और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है. पुलिस ने बताया कि आगे की जांच जारी है, तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है.