एक ने की दरिंदगी, दूसरे ने बनाया वीडियो; निगरानी में था तीसरा हैवान… मिर्जापुर में नाबालिग से गैंगरेप
उत्तर प्रदेश के मिर्ज़ापुर में एक मंदबुद्धि नाबालिग से गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है. तीन दरिंदों ने बारी-बारी से इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया, जिसमें एक आरोपी ने वीडियो बनाया और तीसरा निगरानी कर रहा था. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई. पिता की शिकायत पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
उत्तर प्रदेश में मां विंध्यवासिनी के शहर मिर्जापुर में एक मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है. यहां तीन बदमाशों ने इस मंदबुद्धि बच्ची के साथ बारी बारी हैवानियत की. इस दौरान एक दरिंदा बच्ची के साथ अपनी हवस मिटा रहा था, तो दूसरा वीडियो बना रहा था. वहीं तीसरा दरिंदा दूर खड़ा होकर निगरानी कर रहा था. बदमाशों ने खुद ही इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में डाल दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया. वहीं इस वीडियो को देखकर पुलिस के भी हाथ पांव फूल गए.
आनन फानन में पुलिस ने पीड़िता की पहचान की और उसके पिता की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करते हुए उन्हें अरेस्ट कर लिया है. अपनी शिकायत में पीड़िता के पिता ने बताया कि इस वारदात में एक बदमाश उनकी बेटी से रेप कर रहा था तो दूसरा वीडियो बना रहा था और तीसरा निगरानी कर रहा था. यह वारदात मिर्जापुर में कछवा थाना क्षेत्र के एक गांव में 14 फरवरी की दोपहर बाद का है. वारदात के वक्त पीड़िता अपनी बकरियों के लिए चारा लेने गई थी.
6 दिन बाद वायरल हुआ वीडियो
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे. वहीं 20 फरवरी को एक आरोपी ने यह वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया. देखते ही देखते यह वीडियो वायरल होने लगा. इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने आनन फानन में मामला दर्ज कर आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है. पुलिस के मुताबिक वीडियो वायरल होने तक पीड़िता के परिजनों को भी खबर नहीं थी. वायरल वीडियो देखकर जब उसके पिता ने पूछताछ की तो उसने आपबीती सुना दी.
जांच में जुटी पुलिस
कछवा थाना प्रभारी अमरजीत चौहान के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें अरेस्ट कर लिया गया है. मामले की जांच कराई जा रही है. उधर, वारदात की सूचना मिलते ही सीओ सदर मुनिंद्र पाल सिंह ने मौका मुआयना कर परिजनों से घटना की जानकारी ली है. उन्होंने बताया कि पीड़िता मंदबुद्धि है. उसके पिता की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है.
