साले ने पहले मांगी रंगदारी, न देने पर अंजाम भुगतने की धमकी; जज के पिता की ऐलानिया कत्ल की पूरी कहानी

मुरादाबाद में जज के पिता मोहम्मद असद की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. यह वारदात रंगदारी न देने पर साले जफर और उसके साथी ने अंजाम दिया था. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक यह एक सुनियोजित "ऐलानिया कत्ल" था, जिसकी शुरुआत पिछले साल रंगदारी की धमकी से हुई थी.

मुरादाबाद में जज के पिता की हत्या की पूरी कहानी

बुलंदशहर में जज के पिता और मुरादाबाद के प्रतिष्ठित कारोबारी मोहम्मद असद की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस की जांच में साफ हो गया है कि यह वारदात अचानक नहीं हुआ, बल्कि यह सीधे-सीधे ऐलानिया कत्ल का मामला है. पुलिस ने इस मामले में मोहम्मद असद के साले जफर और उसके साथी को अरेस्ट कर लिया है. इन दोनों बदमाशों ने शुक्रवार को मुरादाबाद में तराबी की नमाज पढ़ने जा रहे कारोबारी मोहम्मद की गोली मारकर हत्या कर दी थी.

इस संबंध में आरोपी के भाई और मृतक के दूसरे साले मजाहिर हुसैन ने पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई थी. पुलिस की जांच में पता चला कि मोहम्मद असद और उनके हिस्ट्रीशीटर साले जफर के बीच विवाद की शुरुआत पिछले साल 22 दिसंबर को हुई थी. उस दिन मझोला थाना क्षेत्र में मानसरोवर पैराडाइज बैंकट हॉल से लौटते समय जफर ने अपने साथियों के साथ मिलकर बहनोई मोहम्मद असद की कार को रोक लिया था. इन बदमाशों ने मोहम्मद असद से 10 लाख रुपये की रंगदारी और 1 लाख रुपये महीना हफ्ता मांगी थी.

दी थी कत्ल की धमकी

उस समय मोहम्मद असद ने पुलिस में शिकायत भी दी थी. इसमें आरोप लगाया था कि उनके साले जफर ने रंगदारी और हफ्ता नहीं देने पर कत्ल की धमकी दी है. चूंकि मोहम्मद असद एक जज बेटी के पिता हैं, इसलिए मामला हाईप्रोफाइल होने की वजह से पुलिस ने तत्काल मुकदमा तो दर्ज कर लिया, लेकिन छानबीन के नाम पर खानापूर्ति ही करती रह गई. इधर, मोहम्मद असद द्वारा रंगदारी व हफ्ता नहीं दिए जाने से नाराज जफर ने 27 फरवरी को नागफनी थाना क्षेत्र में सरेशाम उनकी गोली मारकर हत्या कर दी.

बुलंदशहर में जज हैं बेटी-दामाद

जानकारी के मुताबिक मृतक मोहम्मद असद की बेटी और दामाद दोनों न्यायिक सेवा में हैं और इस समय दोनों की तैनाती बुलंदशहर की जिला अदालत में न्यायिक मजिस्ट्रेट के रूप में है. खुद मोहम्मद असद भी मुरादाबाद में अलवीला बेकर्स के नाम से बेकरी हाउस का संचालन कर रहे थे. मामला हाई प्रोफाइल और जज परिवार से जुड़े होने की वजह से मुरादाबाद पुलिस अब हरकत में आ गई है. पुलिस ने 24 घंटे के अंदर ही हत्यारोपी साले जफर और उसके एक साथी को अरेस्ट कर लिया. अब पुलिस इनके बाकी साथियों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दे रही है.