UP में फिर एक्टिव हुआ बच्चा चोर गिरोह! कानपुर के बाद श्रावस्ती में पकड़ी गई महिला, लोगों में दहशत
उत्तर प्रदेश में बच्चा चोर गिरोह फिर सक्रिय है. कानपुर के बाद अब श्रावस्ती में एक महिला को संदिग्ध परिस्थिति में पकड़ा गया है. यह महिला बच्चों को चॉकलेट के बहाने ले जाने का प्रयास कर रही थी. ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया, लेकिन पुलिस ने 'मानसिक रोगी' बताकर छोड़ दिया है. फिलहाल इलाके में दहशत फैल गई है.
उत्तर प्रदेश में एक बार फिर बच्चा चोर गिरोह सक्रिय हो गया है. पहले कानपुर में एक बच्चे को बोरे में भरकर भाग रही महिला को पकड़ा गया, अब इसी प्रकार से बच्चा चोरी करते हुए एक महिला को श्रावस्ती में पकड़ा गया है. चॉकलेट दिलाने के बहाने इस महिला ने बच्चे को अपने जाल में फंसाया और फिर बोरे में भरकर भागने लगी. संदेह के आधार पर ग्रामीणों ने इस महिला को पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया है. हालांकि पुलिस ने पूछताछ के बाद इस महिला को मानसिक रोगी बताते हुए छोड़ दिया है.
मामला श्रावस्ती जिले में चौगोई के जोगिया गांव का है. शनिवार को गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक संदिग्ध महिला कुछ बच्चों को चॉकलेट और टॉफी देने के बहाने पकड़ने की फिराक में थी. वह बच्चों को चॉकलेट देकर उन्हें बहला फुसला कर अपने साथ ले जा रही थी. ग्रामीणों ने देखा तो उन्हें संदेह हो गया. तुरंत इस महिला को लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की और फिर उसे मानसिक रोगी बताकर छोड़ दिया.
कानपुर में पकड़ी गई महिला
यह महिला बहराइच जिले में थाना देहात कोतवाली के हटीले गांव की बताई जा रही है. बता दें कि इसी तरह की घटना उत्तर प्रदेश के कानपुर में भी सामने आई है. कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र में एक महिला ने मासूम बच्ची को झांसे में लेकर अपने पास बुलाया और बोरे में भरकर भागने लगी. बच्ची की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने इस महिला को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी. इसके बाद कानपुर पुलिस ने इस महिला को अरेस्ट करते हुए मासूम बच्ची को मुक्त कराया है.
इलाके में दहशत
कानपुर की घटना में पीड़ित दो साल की बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी. इसी दौरान वहां पहुंची महिला उसे टॉफी का लालच देकर थोड़ी दूर ले गई और उसे बोरे में भर दिया. इसके बाद उसे पीठ पर लादकर भागने लगी. बोरे के अंदर से बच्ची के रोने की आवाज सुनकर वहां मौजूद लोगों को शक हुआ और महिला को रोककर पूछताछ की. इसके बाद महिला से बोरा छीनकर बच्ची को मुक्त कराया. लोगों ने इस महिला की पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया है.
