भैया मुझे माफ कर देना… नौकरी के चक्कर में डूबे 16 लाख, टीचर ने बनाया वीडियो और कर लिया सुसाइड
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक शिक्षक ने सरकारी नौकरी घोटाले में 16 लाख रुपये गंवाने के बाद आत्महत्या कर ली. इसके लिए उसने अपनी पत्नी के गहने बेचे और बैंक से लोन भी लिया था. सुसाइड नोट और वीडियो में उसने शिक्षा विभाग के अधिकारियों पर घूसखोरी का गंभीर आरोप लगाया है. यह दुखद घटना सरकारी सिस्टम में व्याप्त भ्रष्टाचार को उजागर करती है.
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में सरकारी सिस्टम की पोल खोलने वाला मामला सामने आया है. यहां एक टीचर ने सरकारी नौकरी पाने के लिए पत्नी के गहने बेच दिए, बैंक से लोन देकर घूस दिया. फिर भी नौकरी नहीं मिली तो टीचर ने वीडियो बनाते हुए सुसाइड कर लिया है. इस वीडियो में टीचर ने अपने भाई से माफी मांगते हुए सुसाइड की पूरी वजह बयां किया है. इसमें उसने शिक्षा विभाग के अधिकारी और बाबू पर गंभीर आरोप लगाए हैं. टीचर का यह वीडियो अब सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है.
वीडियो बनाकर सुसाइड से पहले इस टीचर ने चार पेज का सुसाइड नोट भी लिखा है. इसमें बताया है कि उसके 16 लाख रुपए डूब गए हैं. वह मरना नहीं चाहता था, अपने पत्नी बच्चे के लिए जीना चाहता था, लेकिन इस सिस्टम ने उसे मरने के लिए मजबूर कर दिया है. अपने भाई के नाम लिखे इस सुसाइड नोट में टीचर ने कहा कि भैया मुझे माफ कर दीजिएगा. मामला गोरखपुर में गुलरिया इलाके में शिवपुर शाहबाजगंज नहर रोड का है.
शिक्षा विभाग के अधिकारी पर लगाया आरोप
टीचर ने अपने सुसाइड नोट में देवरिया में तैनात शिक्षा विभाग के एक अधिकारी पर रुपए लेकर नौकरी दिलाने आश्वासन देने का आरोप लगाया है. बताया है कि इसी अधिकारी के कहने पर उसने पत्नी के सारे जेवर बेच दिए. यही नहीं, उसने बैंक से लोन भी लेकर 16 लाख रुपये दे दिए. उसे उम्मीद थी कि नौकरी मिलने पर वह कर्ज चुका देगा, लेकिन अधिकारी और बाबू ने यह पूरी रकम डकार ली है. मृत टीचर अपने तीन भाइयों में बीच का था. उसके बड़े भाई विदेश में रहते हैं. जबकि छोटा भाई घर रहता है. टीचर के भी दो बच्चे हैं. इनमें एक बेटी आस्था आठ वर्ष की है और बेटा आदित्य 6 वर्ष का है.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक शनिवार को टीचर के सुसाइड की खबर आई थी. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर कब्जे में लिया है. पुलिस ने मौके से मिले सुसाइड नोट और वीडियो को कब्जे में लेकर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है. हालांकि अभी तक शिक्षा विभाग की ओर से इस संबंध में कोई स्पष्टीकरण नहीं आया है.
