पेपर लीक विवाद पर सपा का संसद से जंतर-मंतर तक मार्च, हिरासत में डिंपल!

पेपर लीक और छात्रों की समस्याओं को लेकर मानसून सत्र के पहले दिन समाजवादी पार्टी ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया. सपा सांसद डिंपल यादव के नेतृत्व में सांसदों ने संसद भवन से जंतर-मंतर तक पैदल मार्च निकाला. डिंपल यादव ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की आवाज नहीं सुन रही है और परीक्षा व्यवस्था में लगातार खामियां सामने आ रही हैं. सपा ने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने सांसदों को हिरासत में लिया.

प्रदर्शन के दौरान सपा सांसद डिंपल यादव

पेपर लीक और छात्रों के मुद्दे को लेकर विपक्ष ने संसद के मानसून सत्र के पहले दिन केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. समाजवादी पार्टी (सपा) की सांसद डिंपल यादव के नेतृत्व में सपा सांसदों ने संसद भवन से जंतर-मंतर तक पैदल मार्च निकाला। सपा ने आंदोलन कर रहे छात्रों के समर्थन में यह कदम उठाया. इस दौरान डिंपल यादव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के युवा अपनी बात रखना चाहते हैं, लेकिन सरकार तैयार नहीं है.

सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा कि छात्र लगातार अपनी समस्याएं उठा रहे हैं, लेकिन सरकार संवाद नहीं कर रही है. जंतर-मंतर मार्च के दौरान डिंपल यादव ने कहा कि सरकार का रवैया बेहद असंवेदनशील है. युवाओं और छात्रों को अपने भविष्य की चिंता है, लेकिन उनकी आवाज को नजरअंदाज किया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा व्यवस्था में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियों से छात्र मानसिक दबाव में हैं.

सपा सांसदों को हिरासत में लेने का दावा

सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा कि पार्टी छात्रों के साथ खड़ी है और उनके मुद्दों को संसद से लेकर सड़क तक उठाती रहेगी. इस बीच समाजवादी पार्टी (SP) ने X पर पोस्ट करते हुए कहा, ‘दिल्ली में छात्रों की आवाज उठा रहीं लोकसभा सांसद डिंपल यादव और सपा के अन्य सांसदों को पुलिस द्वारा हिरासत किया जाना, साथ ही छात्रों पर लाठीचार्ज किया जाना बेहद निंदनीय एवं अलोकतांत्रिक है.’

अखिलेश यादव ने साधा सरकार पर निशाना

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस मामले में सरकार पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों की बात सुननी चाहिए. अखिलेश ने आरोप लगाया कि सरकार लोकतांत्रिक तरीके से उठ रही आवाजों को दबाने का प्रयास कर रही है. उन्होंने कहा कि जिन युवाओं के भविष्य का सवाल है, उनके साथ संवेदनशीलता से बातचीत होनी चाहिए.

सपा सांसदों का मार्च, रास्ते में रोका गया

डिंपल यादव के नेतृत्व में सपा सांसद संसद से जंतर-मंतर की ओर रवाना हुए. मार्च में सपा के कई सांसद शामिल रहे. पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की और कुछ सांसदों को हिरासत में भी लिया गया. इससे पहले जंतर-मंतर से संसद की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को भी पुलिस ने रोक दिया था. प्रदर्शन स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे.

इकरा हसन बोलीं- नैतिक जिम्मेदारी ले सरकार

सपा सांसद इकरा हसन ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दे पर सरकार को नैतिक जिम्मेदारी लेनी चाहिए. उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सपा का यह प्रदर्शन राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. पार्टी युवाओं, छात्रों और रोजगार जैसे मुद्दों को चुनावी एजेंडे में प्रमुखता से उठाने की तैयारी में है.

Follow Us