‘बीवी की कसम खाओ’, योगी के मंत्री के जवाब पर भड़के सपा MLA, इस्तीफे की धमकी दी

उत्तर प्रदेश विधानसभा में 'हर घर जल' योजना को लेकर जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह और सपा विधायक फहीम इरफान के बीच तीखी बहस हुई. मंत्री के "बीवी की कसम" वाले बयान पर सपा विधायक भड़क गए और इस्तीफे की धमकी दी. विधायक ने योजना की धरातलीय स्थिति पर सवाल उठाए, जबकि मंत्री ने 90% काम पूरा होने का दावा किया था.

जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह Image Credit:

उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान योगी सरकार के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह और सपा विधायक फहीम इरफान के बीच जुबानी जंग हुई. दरअसल, सपा विधायक फहीम इरफान ने ‘हर घर जल’ योजना को लेकर सवाल पूछा. इस पर जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह चिढ़ गए और कहने लगे कि अपनी बीवी की कसम खाओ इरफान कि आपके गांव में पानी नहीं आ रहा है. इसके बाद सदन में सपा विधायकों ने शोर मचाना शुरू कर दिया.

सपा विधायक फहीम इरफान ने ‘हर घर जल’ योजना पर बोलते हुए कहा कि अभी तक सड़कों का पुनर्निमाण नहीं कराया गया. सपा विधायक फहीम इरफान ने कहा कि कई गांवों में अभी तक पानी भी नहीं पहुंच पाया है. इस पर जलश्कित मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि अभी तक 90 फीसदी से अधिक काम हो चुका है और 31 दिसंबर 2025 तक सभी काम पूरे हो जाएंगे, मैं इरफान से कहना चाहूंगा कि अपनी बीवी की कसम खाओ कि आपके गांव में पानी नहीं पहुंचा है.

मंत्री के बयान पर खूब मचा शोर

मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह के इस बयान पर सपा विधायकों ने शोर मचाना शुरू कर दिया. इस पर स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि मैं गारंटी से कह रहा हूं कि अगर इनके गांव में पानी नहीं पहुंच रहा होगा तो मैं मंत्री पद से इस्तीफा दे दूंगा… इरफान फहीम अपनी बीवी की कसम खाकर बोले कि इनके गांव में पानी नहीं आ रहा है… इनके गांव का प्रधान साजिद है… अभी फोन लगाकर पूछ लीजिए कि इनके गांव में पानी आ रहा है या नहीं… सब सच्चाई सामने आ जाएगी.

सपा विधायक ने दिया चैलेंज

इस पर सपा विधायक फहीम इरफान ने कहा कि मेरे गांव पर आने से पहले आप जिलों का हाल देखिए… आप पश्चिमी यूपी के किसी एक जिले की जांच करा लीजिए… वहां की जमीनी हकीकत और सरकारी आंकड़े में अंतर नहीं आया तो मैं इस्तीफा दे दूंगा… सदन में मुख्यमंत्रीजी भी मौजूद हैं… मैं चाहता हूं कि आप पश्चिमी यूपी के किसी भी एक जिले की जांच करवाइए… सब साफ हो जाएगा और अगर मैं गलत हुआ तो मैं विधानसभा से इस्तीफा दे दूंगा.

मंत्री ने दिया ये जवाब

इसका जवाब देते हुए जलशक्ति मंत्री स्वंतत्रदेव सिंह ने कहा कि यह कोई छोटी-मोटी योजना नहीं है, लाखों घरों में पानी पहुंचाना है… गांवों में लोग ट्रैक्टर से पाइप तोड़ देते हैं.. टोटी खोल ली जाती है… लेकिन हम लोग काम कर रहे हैं और अगर कंपनी काम नहीं करेगी तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी… उसको जेल जाना पड़ेगा… बाकी बचे हुए कामों को हम लोग इस साल के अंत तक पूरा कर लेंगे.

Follow Us