‘मच्छर और माफिया के लिए बदनाम था गोरखपुर’, CM योगी ने फिर रवि किशन की ली चुटकी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में 429 करोड़ रुपये की लागत से बने ट्रांसपोर्ट नगर–पैडलेगंज–देवरिया बाईपास फ्लाईओवर समेत कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया. इस दौरान योगी ने भाजपा सांसद रवि किशन पर हल्के-फुल्के अंदाज में चुटकी लेते हुए कहा कि अब गोरखपुर की एयर कनेक्टिविटी इतनी बेहतर हो गई है कि पता ही नहीं चलता वह गोरखपुर में हैं या मुंबई में.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो) Image Credit:

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर में 429 करोड़ रुपये की लागत से बने ट्रांसपोर्ट नगर–पैडलेगंज–देवरिया बाईपास फ्लाईओवर सहित कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया. इस दौरान उन्होंने प्रदेश में बेहतर कनेक्टिविटी, औद्योगिक निवेश और कानून-व्यवस्था में सुधार को सरकार की उपलब्धि बताते हुए समाजवादी पार्टी (सपा), बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. साथ ही बीजेपी सांसद रवि किशन की चुटकी ली.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि 2,658 मीटर लंबे फ्लाईओवर का निर्माण 429 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है. इससे गोरखपुर और आसपास के करीब 50 लाख से एक करोड़ लोगों को लाभ मिलेगा. इसके साथ ही पैडलेगंज से फिराक गोरखपुरी चौराहे तक फोरलेन सड़क का भी लोकार्पण किया गया. उन्होंने कहा कि 104 करोड़ रुपये की लागत से एयरफोर्स स्टेशन गोरखपुर में एमईएस ऑफिस कॉम्प्लेक्स का निर्माण पूरा हो चुका है.

‘जितनी तेज कनेक्टिविटी, उतनी तेज प्रगति’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसी भी प्रदेश की प्रगति बेहतर सड़क और परिवहन व्यवस्था पर निर्भर करती है. उन्होंने कहा कि पहले लखनऊ से गोरखपुर आने में करीब 7 घंटे लगते थे, जबकि अब यह दूरी करीब 3 घंटे 15 मिनट में पूरी हो रही है. इसी तरह गोरखपुर से वाराणसी की यात्रा, जो पहले 5 से 6 घंटे लेती थी, अब करीब ढाई घंटे में पूरी हो रही है. उन्होंने कहा, ‘आवागमन जितना तेज होगा, समय की जितनी बचत होगी, विकास भी उतनी ही तेज गति से होगा.’

रवि किशन पर ली चुटकी

अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के सांसद रवि किशन पर हल्के-फुल्के अंदाज में चुटकी भी ली. उन्होंने कहा, ‘गोरखपुर की एयर कनेक्टिविटी इतनी अच्छी हो गई है कि पता ही नहीं चलता रवि किशन गोरखपुर में हैं या मुंबई में… सुबह का नाश्ता मुंबई में करते हैं, दोपहर का भोजन गोरखपुर में और कुछ घंटे बाद फिर मुंबई पहुंच जाते हैं.’ मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी पर कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों ने ठहाके लगाए.

‘गोरखपुर कभी माफिया और मच्छरों के लिए बदनाम था’

सीएम योगी ने कहा कि एक समय ऐसा था जब गोरखपुर की पहचान माफिया और मच्छरों से होती थी. उन्होंने कहा, ‘आज से दस साल पहले गीडा में कोई उद्योग लगाने को तैयार नहीं था.. लोग डरते थे क्योंकि यहां माफिया का आतंक था… गोरखपुर माफिया और मच्छरों के लिए बदनाम हो गया था.’ उन्होंने कहा कि मच्छरों के कारण मलेरिया, डेंगू और इंसेफेलाइटिस जैसी बीमारियां फैली रहती थीं, जबकि माफिया राज के कारण लोग यहां जमीन खरीदने से भी डरते थे.

मुख्यमंत्री ने मजाकिया अंदाज में कहा, ‘तब रवि किशन भी यहां जमीन नहीं खरीदते और मकान नहीं बनाते.’ उन्होंने दावा किया कि अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है और आज गोरखपुर में लोग निवेश करने और मकान बनाने के लिए आगे आ रहे हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून-व्यवस्था सुधरने के बाद उद्योगों का माहौल बना है. उन्होंने बताया कि गीडा में स्थापित उद्योगों के कारण करीब 50 हजार लोगों को रोजगार मिला है और लगातार नए निवेश आ रहे हैं.

Follow Us