सदन में CM योगी ने ‘श्राप’ का किया जिक्र तो लगे ठहाके, किसके बारे में क्या कहा?
सीएम योगी आज विधानसभा में अपने चिर परिचित अंदाज में दिखे. उन्होंने बजट पर चल रही चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे और शिवपाल यादव की जमकर चुटकी ली. सीएम योगी ने कहा कि मैं प्रार्थना करुंगा की चच्चा शिवपाल यादव का श्राप आपको ना लगे.
यूपी विधानसभा में वर्ष 2026-27 की बजट पर चल रही चर्चा में सीएम योगी आदित्यनाथ भी हिस्सा लिया. इस दौरान वह अपने चिरपरिचित अंदाज में दिखे. उन्होंने भरी विधानसभा में शिवापाल यादव को लठैत कह दिया. इसके अलावा सीएम योगी ने नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे की भी चुटकी लेते हुए कहा कि मैं प्रार्थना करुंगा की चच्चा शिवपाल यादव का श्राप आपको ना लगे. उनके ऐसा कहते ही सदन में ठहाके गुंज पड़े.
राजकोषीय घाटे पर नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे के बयान पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उन्हें लगा था कि नेता प्रतिपक्ष उम्र के हिसाब से आंकड़ों में घालमेल नहीं करेंगे, लेकिन लग रहा कि चच्चू का प्रभाव उनपर आ गया है. राजकोषीय घाटे को लेकर उनकी बात को वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने तुरंत सही भी कर दिया.
आपको शिवपाल यादव का श्राप ना लगे- सीएम योगी
सीएम योगी ने माता प्रसाद पांडे की चुटकी लेते हुए कहा शिवपाल यादव का श्राप नेता प्रतिपक्ष को ना लगे,ये कामना करता, वे स्वस्थ रहें. उन्होंने कहा कि माता प्रसाद पांडे पुराने समाजवादी हैं. इसलिए मैंने कहा कि आप स्वस्थ रहें. ये समाजवादी आंदोलन के सबसे वरिष्ठ पिलर हैं और अंतिम पीढ़ी हैं जिन्होंने समाजवादी आंदोलन के अनुसार जीवन जीने का प्रयास किया है. हालांकि, नेता प्रतिपक्ष के पीछे शिवपाल यादव जैसे कुछ लठैत भी थे.
2012 से 2017 के प्रदेश का था बहुत बुरा हाल
मुख्यमंत्री योगी ने समाजवादी पार्टी पर 2012 से 2017 के बीच प्रदेश का बुरा हाल करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि याद करो प्रदेश किस स्थिति में था. 2016-17 में 4.39% राज कोष में घाटा था, आज 2.97% हैं. अब देशभर के बैंकर्स यूपी पर भरोसा कर रहे हैं. उन्होंने आगे बताया कि 2017 में प्रति व्यक्ति आय 43 हजार रुपये थी, अब एक लाख बीस हजार रुपये है.
अब बॉटम थ्री से टॉप थ्री राज्यों में शुमार हुआ यूपी
सीएम योगी ने आगे कहा कि 2016-17 यूपी की गिनती सबसे बीमारू राज्यों में होती थी. परसेप्शन खराब था. इन साढ़े 8-नौ वर्षों के दौरान प्रदेश बहुत तब्दीली आई है. यूपी बॉटम थ्री से टॉप थ्री राज्यों में शुमार होने लगा है. 13 लाख करोड़ रुपए की उत्तर प्रदेश की जीएसडीपी को हमने 36 लाख करोड़ तक पहुंचा दिया है. 2026-27 में हम इसको 40 लाख करोड़ तक पहुंचाएंगे.
क्रेडिट-डिपॉजिट रेशियो में इजाफा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि जब हमारी सरकार आई थी तो प्रदेश का खजाना खाली था. फिर हमने लीकेज रोके, भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाया और वित्तीय अनुशासन को मजबूत किया है. यही कारण है कि आज उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिली है. प्रदेश का क्रेडिट-डिपॉजिट (सीडी) रेशियो लगभग 43-44 प्रतिशत था. वह भी अब बढ़कर 61-62 प्रतिशत तक पहुंच चुका है.