अल्मोड़ा में लैंडस्लाइड, मलबे में दबकर एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत; हादसे के वक्त सो रहे थे सभी
उत्तराखंड के अल्मोड़ा में भारी बारिश के बीच भूस्खलन से दर्दनाक हादसा हुआ है. सोमेश्वर तहसील के बड्युड़ा गांव में पहाड़ का मलबा घर पर गिरने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, जिसमें मां, बेटी और बेटा शामिल हैं. SDRF और पुलिस ने मलबे से शव निकाले हैं. क्षेत्र में लगातार बारिश से लैंडस्लाइड का खतरा बढ़ रहा है.
उत्तराखंड के अल्मोड़ा में सोमवार की रात बड़ा हादसा हुआ. यहां लगातार हो रही भारी बारिश के बीच सोमेश्वर तहसील के बडयुड़ा गांव में लैंडस्लाइड हो गई. इससे पहाड़ से लुढ़कते हुए पूरा मलबा नीचे एक मकान में आ गया. इस हादसे में मकान के अंदर सो रही एक महिला और उनकी एक बेटी और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने मलबा हटाकर तीनों शवों को बाहर निकाला है.
हादसा सोमवार-मंगलवार मध्य रात्रि के बाद और मंगलवार की सुबह से ठीक पहले का है. आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल ने बताया कि मंगलवार की सुबह करीब चार बजे डॉयल 112 पर सोमेश्वर तहसील के बडयुड़ा गांव में लैंडस्लाइड की सूचना आई थी. बताया गया था कि मकान में मलबा घुस गया है और कई लोग अंदर फंसे हैं. इस सूचना पर राहत एवं बचाव दलों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया. घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर पहले भी लैंडस्लाइड की वजह से रास्ता बंद हो गया था.
पैदल ही मौके पर पहुंची टीम
उन्होंने बताया कि एसडीआरएफ की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ पैदल ही घटनास्थल तक पहुंची. जहां स्थानीय लोगों, फायर सर्विस और पुलिस के साथ मिलकर सघन सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया. काफी प्रयास के बाद एसडीआरएफ की टीम ने मलबे से तीन लोगों के शव बरामद किए हैं. इनकी पहचान प्रेमा देवी (42), उनकी बेटी कल्पना आर्या (19) और बेटे मनीष कुमार (18) के रूप में हुई है. वहीं हादसे के दौरान मकान के बाहर सो रहे गुलाब राम सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे.
बड़े हादसे की आशंका
क्षेत्र में हो रही लगातार बारिश के बीच लैंडस्लाइड की घटनाएं भी तेजी से बढ़ी है. बताया जा रहा है कि बडयुड़ा गांव में ही सोमवार को दो जगह बड़ी लैंडस्लाइड हुई थी. इसी प्रकार मसूरी देहरादून रोड पर भी कई जगह लैंडस्लाइड की खबर है. हालात को देखते हुए स्थानीय लोगों में भय की स्थिति है. लोगों के मुताबिक लगातार बारिश के कारण गांव के अन्य मकानों पर भी खतरा मंडराने लगा है. आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की कार्रवाई की जा रही है.