राहुल गांधी पर FIR के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, थाने में दी तहरीर; FIR दर्ज करने पर अड़े

राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी में दर्ज FIR पर कांग्रेस ने उत्तराखंड में व्यापक प्रदर्शन शुरू कर दिया है. पार्टी रामलीला मैदान के कथित 'शुद्धिकरण' पर FIR की मांग कर रही है. कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद मैदान का शुद्धिकरण कर सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ा. यह मुद्दा राज्यसभा में भी उठा, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.

रामनगर में कांग्रेस का प्रदर्शन Image Credit:

उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज होते ही बड़ा बवाल शुरू हो गया है. कांग्रेस पार्टी ने उत्तराखंड के सभी जिलों में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है. इसी क्रम में राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है. पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रामनगर में विरोध प्रदर्शन किया और कोतवाली पहुंचकर रामलीला मैदान के कथित ‘शुद्धीकरण’ के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की.

कांग्रेस नेताओं ने पुलिस को तहरीर सौंपते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की. पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत ने कहा कि कुछ समय पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे हल्द्वानी पहुंचे थे. उन्होंने वहां आयोजित कांग्रेस की रैली को संबोधित किया था. कांग्रेस का आरोप है कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भारतीय जनता पार्टी से जुड़े कुछ लोगों ने रामलीला मैदान का यह कहते हुए ‘शुद्धीकरण’ किया कि इस कार्यक्रम से मैदान अपवित्र हो गया है.

राज्यसभा में भी उठा था मुद्दा

पूर्व विधायक रावत ने कहा कि यह मामला केवल राजनीतिक विरोध तक सीमित नहीं है. बल्कि इससे सामाजिक सौहार्द और धार्मिक भावनाओं पर भी असर पड़ सकता है. उन्होंने बताया कि इस घटना को लेकर राज्यसभा में भी सवाल उठाया गया था. कांग्रेस के अनुसार, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने घटना को निंदनीय बताते हुए जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया था, इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है.

एफआईआर का किया विरोध

इस मौके पर पूर्व विधायक ने हल्द्वानी में राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर का विरोध किया. उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच करने के बजाय आवाज उठाने वालों पर एफआईआर दर्ज किया जा रहा है. इसके विरोध में कांग्रेस पार्टी ने पूरे प्रदेश में आंदोलन करने का फैसला किया है. उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान के कथित शुद्धीकरण के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशभर के थानों पर तहरीर दी जाएगी. रामनगर कोतवाली में तहरीर दिए जाने के बाद स्थानीय राजनीति गरमा गई है.

रिपोर्ट: नमित अग्रवाल, रामनगर नैनीताल

Follow Us