ऐसे भी आती है मौत! चलती कार पर पहाड़ से गिरा बोल्डर, एक ने मौके पर तोड़ा दम; 3 लोगों की हालत नाजुक

उत्तराखंड के चंपावत में भारी बारिश के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. घाट पनार की पहाड़ी से एक विशाल बोल्डर सड़क से गुजर रही कार पर गिरा. इस भयानक हादसे में मौके पर ही एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. दो लोग नदी में गिरे, जिन्हें सफल रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बचा लिया गया. घायलों का इलाज जारी है.

उत्तराखंड में भयानक हादसा Image Credit:

उत्तराखंड के चंपावत जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते सोमवार की दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया. यहां भारी बारिश की वजह से घाट पनार की पहाड़ियों से एक बड़ा पत्थर अचानक सरक गया और लुढ़कते हुए नीचे सड़क से गुजर रही कार के ऊपर जा गिरा. इस हादसे में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है. इस हादसे में कार सवार सभी लोग बुरी तरह जख्मी हो गए. आनन फानन में सभी लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया.

वहीं तीन अन्य लोगों की नाजुक हालत को देखते हुए अस्पताल में भर्ती किया गया है. यह हादसा सोमवार की दोपहर करीब डेढ़ से दो बजे के बीच घाट पनार सड़क पर मसान बाबा मंदिर के पास का है. जानकारी के मुताबिक सोमवार की दोपहर टिमटा से पिथौरागढ़ की ओर आ रही अल्टो कार में सवार चार लोग जा रहे थे. अचानक मशान बाबा मंदिर के पास पहाड़ी से बड़ा बोल्डर सरका और सीधे गाड़ी की छत पर आ गिरा. इस हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई.

बाल-बाल बचा ड्राइवर

पुलिस के मुताबिक इस कार में ड्राइवर के अलावा चार लोग सवार थे. इनमें से तीन लोग बुरी तरह से जख्मी हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. स्थानीय लोगों के मुताबिक बहुत भयानक हादसा थ. कार पर बोल्डर गिरने पर तेज आवाज हुई. आवाज सुनकर ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला. बताया जा रहा है कि इस हादसे में दो लोग नदी में गिर गए हैं.

शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन

सूचना मिलने पर जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार खुद मौके पर पहुंचे. इसके बाद नदी में गिरे दोनों लोगों को बचाने के लिए आनन फानन में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. राहत दल के मुताबिक नदी में तेज धार होने की वजह से बचाव कार्य में मुश्किल तो आई, लेकिन दोनों लोगों को शकुशल बाहर निकाल लिया गया है. उधर, चिकित्सा अधीक्षक लोहाघाट डॉ. विराज राठी ने बताया कि घायलों की हालत नाजुक है, लेकिन खतरा टल गया है.

Follow Us