देहरादून में स्वाइनफ्लू से हड़कंप, एक दिन में मिले 24 नए मरीज; अब तक सैकड़ा पार

देहरादून में स्वाइन फ्लू का प्रकोप गंभीर हो गया है, एक ही दिन में 24 नए मामले सामने आए हैं. इसी के साथ यहां कुल मरीजों की संख्या 105 के पार हो गई है. इस बीमारी से अब तक दो लोगों की मौत की भी पुष्टि हो चुकी है. हालात को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने पूरे उत्तराखंड में हाई अलर्ट जारी किया है, और लोगों से लापरवाही न बरतने, मास्क पहनने तथा बचाव के उपायों का पालन करने की अपील की है.

गहराया स्वाइन फ्लू का खतरा Image Credit:

पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में भी स्वाइनफ्लू ने दहशत की स्थिति बना दी है. राजधानी देहरादून में ही बीते 24 घंटे के अंदर 24 नए मामलों की पुष्टि हुई है. वहीं अब तक इस शहर में स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या 105 के पार हो गई है. सोमवार को आए ताजा आंकड़ों में जिन 24 नए मरीजों को चिन्हित किया गया है, उनमें अकेले देहरादून शहर के 16 मरीज हैं. वहीं आठ अन्य मरीज हैं जो बाहर से यहां आए थे. आधिकारिक रिपोर्ट के मुताबिक इस समय 36 मरीज अलग अलग अस्पतालों में भर्ती हैं.

स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक देहरादून में स्वाइन फ्लू की वजह से अब तक दो लोगों की मौत भी हो चुकी है. डेथ ऑडिट कमेटी के मुताबिक छह संदिग्ध मौतों का मामला सामने आया था. जांच के दौरान इनमें सिर्फ 2 लोगों की मौत की वजह स्वाइनफ्लू के रूप में सामने आई है. सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा के मुताबिक इनमें एक मृतक की पहचान पौड़ी के रहने वाले 59 वर्षीय व्यक्ति और देहरादून की रहने वाली 52 वर्षीय महिला के रूप में हुई है. यह दोनों दूसरी बीमारियों से भी पीड़ित थे.

क्यों फैल रहा स्वाइनफ्लू?

सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा के मुताबिक स्वाइनफ्लू के फैलने की वजह लापरवाही है. उन्होंने बताया कि यह एक तरह का एंफ्लूएंजा है और खांसने छींकने के दौरान मुंह से निकलने वाले थूक की वजह से हवा में और उस हवा के संपर्क में आने वाले लोगों तक पहुंचता है. उन्होंने देहरादून में बने हालात को देखते हुए लोगों को मास्क लगाने और इधर-उधर थूकने से परहेज करने की सलाह दी है. कहा कि छींकते या खांसते भरसक मुंह पर रुमाल रखने की आदत डालनी चाहिए.

दो मौतों के बाद प्रदेश में हाई अलर्ट

देहरादून में स्वाइन फ्लू से दो लोगों की मौत के बाद पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट जारी किया गया है. सभी जिलों में स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीजों की निगरानी बढ़ा दी गई है. धामी सरकार ने पॉजिटिव मरीजों की की मौत का दो स्तर पर समीक्षा के आदेश दिए हैं. सरकार के कड़े रुख को देखते हुए सभी जिलों के सीएमओ ने अपने अपने क्षेत्राधिकार वाले सभी सरकारी और निजी
अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों आदि में डेथ ऑडिट कमेटियों का गठन किया है.

अफवाहों से बचने की अपील

देहरादून के सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा के मुताबिक इस बीमारी को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन इसके बचाव के लिए सावधानी जरूरी है. उन्होंने लोगों को अफवाहों से बचने की अपील की. उन्होंने इस बीमारी के लक्षण बताते हुए कहा कि घबराने या झोलाछाप डॉक्टरों के चंगुल में फंसने के बाद तत्काल सरकारी अस्पताल में जाकर जांच कराना चाहिए. उन्होंने बताया कि सभी सरकारी अस्पतालों में पर्याप्त दवाएं उपलब्ध कराई गई हैं.

Follow Us