‘5 लाख ले लो, लेकिन बचा लो’, आंख के सामने गंगा में डूबा कांवड़िया, चीखता रहा भाई

उत्तराखंड के देवप्रयाग में कांवड़ यात्रा के दौरान एक दर्दनाक घटना हुई. गंगा स्नान करते समय एक कांवड़ यात्री तेज बहाव में बह गया. उसके भाई ने अपनी आंखों के सामने उसे डूबते देख, बचाने के लिए 5 लाख रुपये तक का ऑफर दिया, पर जान नहीं बचाई जा सकी. यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है.

सांकेतिक तस्वीर, इमेज सोर्स: AI

उत्तराखंड के देवप्रयाग में कांवड़ यात्रा के बीच एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां गंगा में स्नान के दौरान तेज बहाव की चपेट में आने से एक कांवड़ यात्री बह गया. उसके भाई ने अपनी आंखों के सामने डूबता देख तो वह मदद के लिए लोगों से गुहार लगाने लगा. यहां तक कि रोते-रोते भाई को बचाने के लिए 5 लाख रुपये देने का ऑफर तक दे दिया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उसके भाई की जान नहीं बचाई जा सकी.

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में युवक अपने भाई को बचाने के लिए लोगों से गुहार लगाता नजर आ रहा है. वह रो रहा है और लोगों को पांच लाख रुपये देने का ऑफर भी कर रहा है. लेकिन वहां मौजूद लोग गंगा की तेज धारा के सामने बेबस नजर आ रहे हैं. घटना शनिवार को देवप्रयाग के एक घाट की है. यहां कांवड़ यात्रा पर आया युवक गंगा में स्नान कर रहा था. इसी दौरान वह नदी की तेज धारा में फंस गया और देखते ही देखते वह बहता चला गया.

वीडियो में दिखी भाई की बेवसी

उसे नदी की धारा में बहते देख किनारे पर खड़ा उसका भाई घबरा गया. उसने आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगी, भाई को बचाने की अपील की, लेकिन नदी का बहाव इतना तेज था कि किसी की हिम्मत नहीं पड़ी. इतने समय में वह युवक गंगा की धारा में लापता हो गया. वायरल हो रहे वीडियो में भाई की बेबसी साफ नजर आती है. बता दें कि कांवड़ यात्रा के दौरान उत्तराखंड में हादसों का सिलसिला लगातार जारी है. रुड़की क्षेत्र में भी कई कांवड़ यात्रियों की जान चली गई है.

सड़क हादसे में दो कांवड़ियों की मौत

हरिद्वार-मंगलौर बाईपास पर रविवार की देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ. दो बाइकों की टक्कर में शामली निवासी दो युवक संदीप मलिक और विपिन गंभीर रूप से घायल हो गए. आनन फानन में इन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. वहीं नारसन शिव मंदिर के पास शनिवार की देर रात एक कांवड़ यात्री की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से जान चली गई.

गंगोत्री धाम में उमड़ी कांवड़ियों की भीड़

सावन शिवरात्रि पर जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगाजल लेने गंगोत्री धाम पहुंच रहे हैं. अलग-अलग राज्यों से आए कांवड़ियों की वजह से धाम में भीड़ बढ़ गई है. व्यवस्थाओं को सुचारू रखने के लिए उत्तरकाशी पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस किया है. पुलिस कप्तान कमलेश उपाध्याय ने गंगोत्री धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए.

Follow Us