CM योगी की बड़ी सौगात, आगरा में बनेगा हाई-टेक स्पोर्ट्स कॉलेज; बजट अलॉट

योगी सरकार ने आगरा में हाई-टेक स्पोर्ट्स कॉलेज बनाने की घोषणा की है. यह ऐलान 'एक मंडल- एक स्पोर्ट्स कॉलेज' नीति के तहत की गई है. स्पोर्ट्स कॉलेज बनाने के लिए एत्मादपुर में जमीन भी चिह्नित कर ली गई है. इससे खिलाड़ियों को खेल के साथ-साथ पढ़ाई की भी सुविधा मिलेगी.

सीएम योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो) Image Credit:

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के युवाओं को एक बड़ी सौगात दी है. ‘एक मंडल- एक स्पोर्ट्स कॉलेज’ नीति के तहत आगरा समेत प्रदेश के 10 मंडलों में नए स्पोर्ट्स कॉलेज बनाए जाएंगे. इसके लिए सरकार ने 80 करोड़ रुपये का भारी-भरकम बजट आवंटित किया है. अब ताजनगरी के खिलाड़ियों को आधुनिक ट्रेनिंग के लिए दूर नहीं जाना होगा.

आगरा में बनने वाले स्पोर्ट्स कॉलेज के लिए प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है. एत्मादपुर क्षेत्र में लगभग 50 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई है. प्रशासनिक जांच पूरी होने के बाद जल्द ही इसका प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा. आगरा में स्पोर्ट्स कॉलेज के लिए बजट में शुरुआती तौर पर करीब आठ करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है.

‘यह कदम नए स्टार खिलाड़ी निकालने में मदद करेगा’

प्रस्तावित स्पोर्ट्स कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप खेल मैदान, प्रशासनिक भवन, आवासीय सुविधाएं (हॉस्टल) और शिक्षा व्यवस्था एक ही परिसर में विकसित की जाएगी. इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को खेल के साथ-साथ पढ़ाई की सुविधा देना है. यह संस्थान केवल एक कॉलेज नहीं बल्कि ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ के रूप में विकसित किया जाएगा.

योगी सरकार का लक्ष्य 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स और 2036 के ओलंपिक में भारत की भागीदारी और पदक संभावनाओं को मजबूत करना है. आगरा का यह कॉलेज भविष्य के ओलंपियन तैयार करने की नर्सरी बनेगा. पूर्व महिला क्रिकेटर, हेमलता काला ने कहा कि आगरा में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, यह कदम नए स्टार खिलाड़ी निकालने में मदद करेगा.

‘यह ओलंपियंस तैयार करने की फैक्ट्री साबित होगी’

यूपी हॉकी संघ के उपाध्यक्ष संजय गौतम ने इसे अभूतपूर्व बताया. उन्होंने कहा कि मंडल स्तर पर स्पोर्ट्स कॉलेज खुलने से ग्रामीण क्षेत्रों की छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच मिलेगा. यह केवल एक इमारत नहीं, बल्कि भविष्य के ओलंपियंस तैयार करने की फैक्ट्री साबित होगी. आगरा हॉकी संघ के अध्यक्ष कमल चौधरी ने इसे आगरा के खेल जगत के लिए संजीवनी बताया.