आओ तुम्हारा ढंग से ब्याह करें… भगाकर की बेटी से शादी तो दामाद को बहाने से बुलाकर लगा दिया ठिकाने

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. यहां प्रेम विवाह करने वाले युवक रामसागर को उसके ससुरालियों ने विदाई के बहाने बुलाया और बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी. मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर ससुर और साले सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक दिल दहलाने वाली वारदात हुई है. यहां पत्नी की विदाई कराने ससुराल आए युवक की ससुरालियों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. इस मामले में मृतक के भाई ने पुलिस में शिकायत दी है. इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने मृतक के ससुर, साले और दो अन्य को अरेस्ट किया है. यह वारदात लखनऊ में काकोरी थाना क्षेत्र के लालता खेड़ा गांव की है.

पुलिस के मुताबिक इस गांव में रहने वाली युवती कामिनी का पीलीभीत जिले में माधौटांडा क्षेत्र में रहने वाले युवक रामसागर के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों एक दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन दोनों के परिवार वाले इनके रिश्ते से सहमत नहीं थे. ऐसे में एक साल पहले दोनों ने घर से भाग कर शादी कर लिया. इस शादी के बाद रामसागर अपनी पत्नी कामिनी के साथ पीलीभीत में रह रहा था.

झांसा देकर बेटी को बुलाया मायके

कुछ दिनों बाद कामिनी के घर वाले रामसागर के घर पहुंचे और उनके रिश्ते को मान लेने का झांसा देते हुए कहा कि विधिवत शादी का प्रलोभन दिया. इस बात पर रामसागर भी राजी हो गया और उसने पत्नी कामिनी को उसके घर वालों के साथ मायके भेज दिया. आरोप है कि कामिनी के मायके पहुंचते ही उसके घर वालों ने नजरबंद कर दिया और उसके ऊपर रामसागर से रिश्ता तोड़ लेने के लिए दबाव बनाया.

बेटी नहीं मानी तो रची हत्या की साजिश

कामिनी ने दबाव को दरकिनार करते हुए साफ कर दिया कि उसने शादी किया और अब रिश्ता नहीं तोड़ सकती. ऐसे में उसके घर वालों ने रामसागर को ही रास्ते से हटाने की साजिश रची. फिर कामिनी को विदा कर ले जाने का झांसा देकर रामसागर को ससुराल में बुलाया और पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी. इस दौरान रामसागर के साथ आए उसके भाई ने बीच बचाव की कोशिश की तो आरोपियों ने उसकी भी पिटाई की.

जांच में जुटी पुलिस

रामसागर के भाई ने पुलिस को सूचना दी. लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो चुके थे. पुलिस ने रामसागर और उसके भाई को अस्प्ताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने रामसागर को मृत घोषित कर दिया. वहीं उसके भाई को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज करते हुए उन्हें अरेस्ट कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.