आगरा एयरफोर्स स्टेशन में मिला PIA लिखा गुब्बारा, जांच में जुटी खुफिया एजेंसियां
आगरा एयरफोर्स स्टेशन के पास एक PIA लिखा पाकिस्तानी गुब्बारा मिलने से हड़कंप मच गया. हरे-सफेद रंग के इस गुब्बारे पर उर्दू में कुछ शब्द अंकित हैं. इसे सुरक्षा में बड़ी चूक मानते हुए खुफिया एजेंसियां और पुलिस जांच में जुट गई हैं.
ताजनगरी के अति-सुरक्षित माने जाने वाले आगरा एयरफोर्स स्टेशन में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां एक संदिग्ध गुब्बारा बरामद हुआ. यह गुब्बारा एयरफोर्स के ‘टेक्निकल एरिया’ (तकनीकी क्षेत्र) में मिला है, जिसे सुरक्षा की दृष्टि से बेहद संवेदनशील माना जाता है. घटना के बाद स्थानीय पुलिस के साथ-साथ तमाम खुफिया एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं.
बरामद गुब्बारा आधा हरा और आधा सफेद रंग का है. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस पर ‘Pakistan International Airlines’ (PIA) लिखा है. साथ ही, गुब्बारे पर उर्दू भाषा में कुछ शब्द और ‘SGA’ भी अंकित मिला है. अंतरराष्ट्रीय सीमा से इतनी दूर आगरा के सैन्य क्षेत्र में इसका मिलना सुरक्षा में बड़ी चूक और किसी साजिश की ओर इशारा कर रहा है.
एयरक्राफ्ट के आकार का गुब्बारा, धागा जुड़ा था
असिस्टेंट कमिश्नर गौरव सिंह ने कहा कि इंडियन एयर फ़ोर्स की शिकायत के बाद 12 फरवरी को शाहगंज पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया था. उन्होंने कहा, ‘एयर फ़ोर्स परिसर के टेक्निकल एरिया में एक एयरक्राफ्ट के आकार का, हरा और सफ़ेद रंग का गुब्बारा मिला. साथ ही बताया कि गुब्बारे में एक धागा भी जुड़ा हुआ था.
हालांकि, उन्होंने कहा कि गुब्बारे में कोई डिवाइस या संदिग्ध चीज़ नहीं मिली. अधिकारी ने कहा कि मामले की डिटेल में जांच चल रही है. शुरुआती जांच और कागजी कार्रवाई के बाद गुब्बारे को थाना शाहगंज पुलिस के हवाले कर दिया गया है. पुलिस एयरफोर्स स्टेशन और उसके आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है.
क्या कारण रहा, इसके पीछे कोई जासूसी एंगल है?
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि कड़े पहरे वाले एयरफोर्स के अति-सुरक्षित तकनीकी क्षेत्र तक यह गुब्बारा कैसे पहुंचा? क्या यह केवल हवा के रुख के कारण हुआ या इसके पीछे कोई जासूसी एंगल है? सीमा पार कनेक्शन की आशंका को देखते हुए खुफिया विभाग सक्रिय है. एयरफोर्स स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है.
इसके साथ ही पुलिस आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. संदिग्ध वस्तु को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है. फिलहाल पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया गया है और सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू पर बारीकी से काम कर रही हैं. आगरा एयरफोर्स स्टेशन में अलर्ट पर है, खुफिया एजेंसियां जांच में जुटी हैं.