छात्र पर टूटा पुलिसया कहर! रिश्वत ना देने पर चौकी में दी थर्ड डिग्री, टूटा हाथ तो छूट गई परीक्षा; 2 दरोगा सस्पेंड

आगरा में पुलिस का अमानवीय चेहरा सामने आया है. पूछताछ के बहाने पुलिस ने एक छात्र को चौकी में बुलाकर थर्ड डिग्री दी. इस दौरान छात्र का एक हाथ टूट गया. इसकी वजह से छात्र की हाईस्कूल परीक्षा छूट गई है. मामला गरमाने पर आगरा पुलिस कमिश्नरेट ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपी दरोगाओं को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं.

पीड़ित छात्र से पुलिस चौकी में मारपीट Image Credit:

उत्तर प्रदेश के आगरा में एक बार फिर पुलिस का बर्बर चेहरा सामने आया है. यहां पुलिस ने हाई स्कूल की परीक्षा दे रहे एक छात्र को पूछताछ के बहाने चौकी में बुलाया. फिर छोड़ने के लिए रिश्वत की मांग की. ना देने पर डंडे से मारकर छात्र का हाथ तोड़ दिया. इसकी वजह से छात्र की परीक्षा छूट गई है. उधर, मामला गरमाने पर आगरा पुलिस कमिश्नरेट ने दो दरोगाओं को सस्पेंड कर दिया है. इसके साथ मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं.

मामला आगरा में किरावली थाना क्षेत्र की मिढ़ाकुर पुलिस चौकी का है. जानकारी के मुताबिक इस चौकी क्षेत्र में रहने वाले एक छात्र की दूसरे छात्र के साथ लड़ाई हो गई थी. हालांकि बाद में इनके बीच समझौता भी हो गया था. इतने में खबर मिढाकुर चौकी पुलिस को मिली तो चौकी प्रभारी ने छात्र को पूछताछ के लिए चौकी में बुला लिया. आरोप है कि यहां छात्र को थर्ड डिग्री दी गई और छोड़ने के एवज में रुपयों की मांग की गई. जब छात्र ने रूपये नहीं दिए तो दरोगा ने डंडे मारकर छात्र का हाथ तोड़ दिया.

मेडिकल में हुई पुष्टि

मामला गहराने पर पुलिस ने पीड़ित छात्र को छोड़ दिया, लेकिन उसकी हालत को देखते हुए परिजनों ने मेडिकल कराई. इसमें उसके हाथ में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है. पीड़ित छात्र के मुताबिक उसकी हाईस्कूल की परीक्षाएं चल रही हैं, लेकिन हाथ टूटने की वजह से परीक्षा दे पाने में असमर्थ है. ऐसी स्थिति में उसकी परीक्षा छूटने के साथ ही करियर को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं. छात्र के परिजनों ने इस संबंध में आला अधिकारियों से मिलकर न्याय की गुहार लगाई है.

हो गया एक्शन

मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आते ही महकमे में हड़कंप मच गया. आनन फानन में DCP वेस्ट ने मामले की जांच ACP अछनेरा को सौंपी और रिपोर्ट तलब किया. वहीं एसीपी की जांच रिपोर्ट के आधार पर डीसीपी ने दोनों आरोपी दरोगाओं को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है. DCP वेस्ट के मुताबिक छात्र के मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों दरोगाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया जाएगा.